
1 पर 4 शेयर बोनस दे रही यह कंपनी, कल रहेगी निवेशकों की नजर, आज शेयरों में तेजी
इसके साथ ही बोनस शेयर जारी करने की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है, जिससे निवेशकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। आज कंपनी के शेयर 2 पर्सेंट तक चढ़कर 3,096.80 रुपये पर आ गए।
Bonus Share: ऑथम इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के निवेशकों के लिए बड़ी खबर है। कंपनी को 31 दिसंबर 2025 को शेयरधारकों की मंजूरी मिलने के बाद अब अपने बोनस शेयर इश्यू को लेकर सभी जरूरी औपचारिक मंजूरियां मिल गई हैं। कंपनी ने 5 और 7 जनवरी 2026 को जारी पत्रों में बताया कि उसे BSE और NSE दोनों से इन-प्रिंसिपल अप्रूवल मिल चुका है। इसके साथ ही बोनस शेयर जारी करने की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है, जिससे निवेशकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। आज कंपनी के शेयर 2 पर्सेंट तक चढ़कर 3,096.80 रुपये पर आ गए।
क्या है डिटेल
कंपनी ने बोनस शेयर के लिए 13 जनवरी 2026 (मंगलवार) को रिकॉर्ड डेट तय की है। इसका मतलब यह है कि जिन निवेशकों के पास इस तारीख तक ऑथम इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के शेयर होंगे, वही बोनस के हकदार होंगे। बोनस इश्यू का रेशियो 4:1 रखा गया है, यानी हर 1 मौजूदा शेयर पर निवेशकों को 4 नए फुली पेड इक्विटी शेयर मिलेंगे। इस इश्यू के तहत कंपनी कुल 67.93 करोड़ से ज्यादा नए शेयर जारी करेगी, जिनका फेस वैल्यू ₹1 प्रति शेयर होगा।
कंपनी के मुताबिक, बोनस शेयरों का अलॉटमेंट 14 जनवरी 2026 को होने की संभावना है। रिकॉर्ड डेट के बाद जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होते ही ये शेयर निवेशकों के डिमैट अकाउंट में क्रेडिट कर दिए जाएंगे। ऑथम इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा है कि वह समय पर डिपॉजिटरी को सभी जरूरी दस्तावेज जमा कराएगी और यह सुनिश्चित करेगी कि बोनस शेयर अलॉटमेंट के अगले कार्यदिवस से ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हों। यानी निवेशक जल्द ही इन अतिरिक्त शेयरों में कारोबार कर सकेंगे।
कंपनी का कारोबार
ऑथम इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड एक मुंबई स्थित NBFC है और इसका मार्केट कैप 8 जनवरी 2026 तक करीब ₹52,917 करोड़ से ज्यादा रहा है। हालांकि टेक्निकल एनालिस्ट्स शेयर को लेकर थोड़ा सतर्क नजर आ रहे हैं। Tips2trades के SEBI-रजिस्टर्ड रिसर्च एनालिस्ट ए. आर. रामचंद्रन के मुताबिक, स्टॉक में ₹3203 पर मजबूत रेजिस्टेंस है। अगर शेयर ₹3030 के सपोर्ट से नीचे बंद होता है, तो निकट अवधि में यह ₹2698 तक फिसल सकता है। ऐसे में बोनस शेयर की खबर जहां लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए सकारात्मक है, वहीं शॉर्ट टर्म ट्रेडर्स को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।





