
एक के बदले 4 बोनस शेयर दे रही यह कंपनी, आपके पोर्टफोलियो में है?
ऑथम इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के बोर्ड ने अपनी बैठक में अधिकृत शेयर पूंजी को 100 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 128 करोड़ रुपये करने को भी मंजूरी दी। इससे कंपनी बोनस शेयर जारी करने की प्रक्रिया को सुगमता से आगे बढ़ा सकेगी।
Authum Investment & Infrastructure share price: शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनी-ऑथम इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के बोर्ड ने अपने निवेशकों को बड़ा तोहफा दिया है। कंपनी ने शुक्रवार को 4:1 के अनुपात में बोनस शेयर जारी करने को मंजूरी दे दी है। इसका मतलब है कि निवेशकों को रिकॉर्ड तिथि तक रखे गए प्रत्येक एक शेयर के बदले चार पूर्ण चुकता इक्विटी शेयर मिलेंगे। यह घोषणा 28 नवंबर, 2025 को कंपनी की बोर्ड बैठक के बाद की गई।
अधिकृत शेयर पूंजी 128 करोड़ रुपये करने को मंजूरी
ऑथम इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के बोर्ड ने अपनी बैठक में अधिकृत शेयर पूंजी को 100 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 128 करोड़ रुपये करने को भी मंजूरी दी। इससे कंपनी बोनस शेयर जारी करने की प्रक्रिया को सुगमता से आगे बढ़ा सकेगी। 30 सितंबर, 2025 तक ऑथम के पास ₹8880 करोड़ का फ्री रिजर्व और प्रीमियम उपलब्ध है, जबकि बोनस इश्यू के लिए ₹84.92 करोड़ की जरूरत होगी। बोनस शेयर 26 जनवरी, 2026 को या उससे पहले जमा होने की उम्मीद है।
शेयर का परफॉर्मेंस
ऑथम इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर शेयर की बात करें तो शुक्रवार को यह 1.14% टूटकर 2710.85 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 12 महीनों में ऑथम के शेयरों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद स्टॉक ने करीब 70% का रिटर्न दिया है। शेयर की बात करें तो यह अक्टूबर 2025 में 3308 रुपये तक पहुंच गया। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है। शेयर के 52 हफ्ते का लो 1333 रुपये है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे
सितंबर तिमाही में ऑथम इन्वेस्टमेंट का नेट प्रॉफिट 767 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के 843 करोड़ रुपये की तुलना में 9% कम है। वहीं, समीक्षा अवधि में कुल राजस्व 609 करोड़ रुपये रहा, जो Q2 FY25 के 1,117 करोड़ रुपये से 46% कम है।





