
पहले ही दिन 75 रुपये के पार पहुंचा 55 रुपये का शेयर, IPO में 1077 गुना लगा था दांव
संक्षेप: ऑस्टर सिस्टम्स के शेयर 37.36% के फायदे के साथ 75.55 रुपये पर बाजार में लिस्ट हुए हैं। IPO में कंपनी के शेयर का दाम 55 रुपये था। यानी, लिस्टिंग के साथ ही शेयरधारक हर शेयर पर 20.55 रुपये के फायदे पर हैं।
ऑस्टर सिस्टम्स लिमिटेड की शेयर बाजार में जबरदस्त शुरुआत हुई है। ऑस्टर सिस्टम्स के शेयर 37.36 पर्सेंट के प्रीमियम के साथ 75.55 रुपये पर बाजार में लिस्ट हुए हैं। आईपीओ में कंपनी के शेयर का दाम 55 रुपये था। यानी, लिस्टिंग के साथ ही शेयरधारक हर शेयर पर 20.55 रुपये के फायदे पर हैं। हालांकि, लिस्टिंग के ठीक बाद कंपनी के शेयरों में बिकवाली का कुछ दबाव देखने को मिला है और ऑस्टर सिस्टम्स के शेयर 4 पर्सेंट से अधिक की गिरावट के साथ 72 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं।

IPO पर लगा 1077 गुना दांव
ऑस्टर सिस्टम्स के आईपीओ पर टोटल 1076.99 गुना दांव लगा। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों का कोटा 1090.81 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं, गैर-संस्थागत निवेशकों (नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स या NII) की कैटेगरी में 2149.19 गुना दांव लगा। कंपनी के आईपीओ में क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का कोटा 236.50 गुना सब्सक्राइब हुआ। ऑस्टर सिस्टम्स के आईपीओ में आम निवेशक 2 लॉट के लिए दांव लगा सकते थे। आईपीओ के 2 लॉट में 4000 शेयर थे। ऑस्टर सिस्टम्स का आईपीओ दांव लगाने के लिए 3 सितंबर 2025 को खुला था और यह 9 सितंबर तक ओपन रहा। कंपनी के पब्लिक इश्यू का टोटल साइज 15.57 करोड़ रुपये तक का था। ऑस्टर सिस्टम्स लिमिटेड के शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के SME प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हुए हैं।
क्या करती है कंपनी
ऑस्टर सिस्टम्स लिमिटेड (ASL) की शुरुआत साल 2013 में हुई है। ऑस्टर सिस्टम्स एक सॉफ्टवेयर डिवेलपमेंट कंपनी है, जिसका आईटी सर्विसेज और सॉल्यूशंस में स्पेशलाइजेशन में है। कंपनी स्टार्टअप्स और एंटरप्राइजेज को अपनी सर्विसेज देती है। ऑस्टर सिस्टम्स का सॉफ्टवेयर डिवेलपमेंट, SaaS, मोबाइल ऐप्स, आईटी सॉल्यूशंस, डेटाबेस मैनेजमेंट, ई-कॉमर्स, ERP, AI सर्विसेज, प्रोसेस ऑटोमेशन, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और डेटा/डॉक्यूमेंट मैनेजमेंट में स्पेशलाइजेशन है। आईपीओ से पहले ऑस्टर सिस्टम्स में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 91.67 पर्सेंट थी। कंपनी के प्रमोटर्स राहुल गजानन टेनी, पीयूष गुप्ता और शिखिर गुप्ता हैं।





