
नई कंपनी बनाने के ऐलान का असर, इस शेयर की ओर दौड़ पड़े निवेशक
एथर एनर्जी ने बताया कि वह ऑटो इंश्योरेंस सेवाओं के लिए एक पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी स्थापित करेगी। यह नई सब्सिडियरी कॉरपोरेट एजेंट के रूप में काम करेगी और देशभर में एथर ग्राहकों को ऑटो इंश्योरेंस पॉलिसी उपलब्ध कराएगी।
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी एथर एनर्जी (Ather Energy) के शेयरों में शुक्रवार को तूफानी तेजी देखी गई। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन कंपनी द्वारा ऑटो इंश्योरेंस सेवाओं के क्षेत्र में उतरने की घोषणा के बाद इसके शेयर डिमांड में आ गए। कारोबार के दौरान एथर एनर्जी के शेयर करीब 8% की तेजी के साथ 717.30 रुपये तक पहुंच गए। शेयर की क्लोजिंग 5.72% बढ़त के साथ 700 रुपये के स्तर पर हुई।

क्या है तेजी की वजह?
एथर एनर्जी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि वह ऑटो इंश्योरेंस सेवाओं के लिए एक पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी स्थापित करेगी। यह नई सब्सिडियरी कॉरपोरेट एजेंट के रूप में काम करेगी और देशभर में एथर ग्राहकों को कई बीमा कंपनियों के साथ साझेदारी के जरिए ऑटो इंश्योरेंस पॉलिसी उपलब्ध कराएगी। इसका मकसद ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाना और मौजूदा ग्राहक आधार का लाभ उठाते हुए नियमित आय का एक नया स्रोत तैयार करना है। एथर एनर्जी के चीफ बिजनेस ऑफिसर रवनीत सिंह फोकेला के मुताबिक बीमा किसी भी वाहन के स्वामित्व अनुभव का एक अहम हिस्सा होता है। बीमा वितरण को एथर इकोसिस्टम के करीब लाकर इसे ज्यादा सरल, पारदर्शी और ग्राहकों के वास्तविक उपयोग के अनुरूप बनाया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि कंपनी कई बीमा भागीदारों के साथ मिलकर ऐसे ईवी-विशेष बीमा उत्पाद विकसित करना चाहती है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे
वित्तीय मोर्चे पर 30 सितंबर, 2025 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में एथर एनर्जी का नेट लॉस कम होकर 154.1 करोड़ रुपये रह गया। एथर एनर्जी लिमिटेड ने बताया कि कंपनी को पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 197.2 करोड़ रुपये का लॉस हुआ था। कंपनी ने आगे बताया कि दूसरी तिमाही में परिचालन राजस्व 898.9 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 583.5 करोड़ रुपये था। कंपनी ने कहा कि तिमाही में कुल खर्च बढ़कर 1,094.8 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 796.1 करोड़ रुपये था।





