रिटायरमेंट की चिंता छोड़िए! इस सरकारी योजना से हर महीने मिलेगी फिक्स पेंशन, जानिए कैसे करें आवेदन

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • Atal Pension Yojana; अटल पेंशन योजना (APY) केंद्र सरकार की एक सामाजिक सुरक्षा योजना है, जिसके तहत 60 साल की उम्र के बाद ₹1,000 से ₹5,000 तक की गारंटीड मासिक पेंशन मिल सकती है
  • 18 से 40 साल की आयु का पात्र भारतीय नागरिक बैंक या पोस्ट ऑफिस के जरिए इसमें खाता खोल सकता है
atal pension yojana
अटल पेंशन योजना

Atal Pension Yojana; अगर आप नौकरीपेशा नहीं हैं, किसी छोटे कारोबार से जुड़े हैं या अनऑर्गनाइज्ड सेक्टर में काम करते हैं और बुढ़ापे में नियमित आय की चिंता रहती है, तो अटल पेंशन योजना (Atal Pension Yojana-APY) आपके लिए एक बेहतरीन सरकारी योजना हो सकती है। केंद्र सरकार की यह योजना पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) द्वारा संचालित की जाती है और इसका उद्देश्य देश के करोड़ों लोगों को 60 साल की उम्र के बाद निश्चित मासिक पेंशन उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत पात्र व्यक्ति को हर महीने ₹1,000, ₹2,000, ₹3,000, ₹4,000 या ₹5,000 तक की गारंटीड पेंशन मिल सकती है। पेंशन की राशि इस बात पर निर्भर करती है कि आपने किस उम्र में योजना से जुड़कर कितना योगदान (Contribution) किया है।

अटल पेंशन योजना का सबसे बड़ा फायदा?

अटल पेंशन योजना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें शामिल होने की प्रक्रिया काफी आसान है। अगर आपके पास आधार से लिंक बैंक या डाकघर का बचत खाता है, तो आप अपने नजदीकी बैंक शाखा या पोस्ट ऑफिस जाकर APY के लिए आवेदन कर सकते हैं। अगर आपके पास अभी तक बैंक खाता नहीं है, तो पहले नया बचत खाता खुलवाकर आधार KYC पूरी करनी होगी। इसके बाद आप आसानी से इस योजना से जुड़ सकते हैं।

किस उम्र के लोग कर सकते हैं एप्लाई?

इस योजना में 18 से 40 साल की आयु का कोई भी भारतीय नागरिक आवेदन कर सकता है। चाहे आप प्राइवेट नौकरी करते हों, स्वरोजगार से जुड़े हों, किसान हों, मजदूर हों या फिर पहले से NPS के सदस्य हों, सभी पात्र लोग इसमें शामिल हो सकते हैं। यहां तक कि केंद्र सरकार, राज्य सरकार या सार्वजनिक उपक्रम (PSU) के कर्मचारी भी योजना का लाभ ले सकते हैं, अगर वे पात्रता की शर्तें पूरी करते हैं।

किसे नहीं मिलेगा इसका लाभ?

हालांकि, कुछ जरूरी नियम भी हैं। अक्टूबर 2022 से आयकर (Income Tax) देने वाले लोग इस योजना में नया खाता नहीं खोल सकते। इसके अलावा आधार कार्ड और बैंक खाता होना अनिवार्य है। नाबालिग इस योजना का हिस्सा नहीं बन सकते। अगर कोई व्यक्ति बाद में भारतीय नागरिक नहीं रहता, तो उसका APY खाता बंद कर दिया जाएगा और केवल उसके द्वारा जमा की गई राशि तथा उस पर मिला वास्तविक ब्याज वापस किया जाएगा। सरकार का योगदान और उस पर मिलने वाला ब्याज वापस नहीं मिलेगा।

अगर आपने योजना में निवेश शुरू कर दिया है, तो अपने खाते की जानकारी देखना भी आसान है। आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर समय-समय पर SMS के जरिए योगदान और बैलेंस की जानकारी भेजी जाती है। इसके अलावा आप NSDL की APY ऐप के जरिए भी अपना स्टेटस देख सकते हैं। हर वित्त वर्ष में आपके पते पर अकाउंट स्टेटमेंट भी भेजा जाता है।

योजना का बड़ा फायदा टैक्स बचत

इस योजना का एक और बड़ा फायदा टैक्स बचत है। आयकरदाता इनकम टैक्स एक्ट की धारा 80CCD के तहत टैक्स छूट का लाभ ले सकते हैं। इसके अलावा धारा 80CCD(1B) के तहत अतिरिक्त ₹50,000 तक की टैक्स छूट भी उपलब्ध है, जिससे यह योजना रिटायरमेंट प्लानिंग के साथ टैक्स सेविंग का भी अच्छा विकल्प बन जाती है।

अगर कोई NRI (Non-Resident Indian) भारतीय नागरिक है, उसकी उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच है और उसके पास APY से जुड़े बैंक में खाता है, तो वह भी इस योजना में शामिल हो सकता है। वहीं, अगर कोई सदस्य 60 साल की आयु पूरी होने से पहले योजना छोड़ देता है, तो उसे केवल उसकी जमा राशि और उस पर अर्जित ब्याज मिलेगा। सरकार की ओर से दिया गया योगदान वापस नहीं किया जाएगा।

अटल पेंशन योजना उन लोगों के लिए एक भरोसेमंद और सुरक्षित सरकारी योजना है, जो कम निवेश के साथ अपने भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाना चाहते हैं। समय रहते इसमें शामिल होकर आप अपने बुढ़ापे के लिए नियमित आय सुनिश्चित कर सकते हैं और परिवार की वित्तीय सुरक्षा को भी मजबूत बना सकते हैं।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।