15% उछला ये ऑटो शेयर, Q1 रिजल्ट आते ही बनाया नया ऑल-टाइम हाई, निवेशकों की हुई चांदी

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • ASK ऑटोमोटिव (ASK Automotive) के शेयर जून तिमाही के शानदार नतीजों के बाद करीब 15% उछलकर ₹632.25 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए
  • कंपनी का नेट प्रॉफिट 28.8% बढ़कर ₹85.1 करोड़, जबकि रेवेन्यू 52.4% बढ़कर ₹1,358.1 करोड़ रहा
  • आइए इसकी डिटेल्स जानते हैं
stocks
Q1 रिजल्ट आते ही 15% उछला ASK ऑटोमोटिव का शेयर।

ऑटो कंपोनेंट बनाने वाली ASK ऑटोमोटिव (ASK Automotive) के शेयरों में बुधवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कंपनी के शानदार जून तिमाही (Q1 FY27) नतीजों के बाद निवेशकों ने शेयरों में जोरदार खरीदारी की, जिसके चलते स्टॉक एक ही दिन में करीब 15% तक उछल गया। कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर ₹632.25 के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया, जो इसके इतिहास का सबसे ऊंचा स्तर है। 2023 में शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद यह कंपनी की सबसे बड़ी इंट्राडे तेजी भी रही। दोपहर के कारोबार में शेयर करीब ₹629.85 पर ट्रेड करता दिखाई दिया। मौजूदा स्तर पर यह शेयर अपने 52 हफ्तों के निचले स्तर ₹375.30 से करीब 68% ऊपर कारोबार कर रहा है।

अब तक का सबसे अधिक रेवेन्यू

कंपनी की इस तेजी की सबसे बड़ी वजह उसके शानदार वित्तीय नतीजे हैं। ASK ऑटोमोटिव ने जून 2026 तिमाही में अब तक का सबसे अधिक रेवेन्यू (Revenue), EBITDA और शुद्ध मुनाफा (Net Profit) दर्ज किया है। मजबूत डिमांड और अलग-अलग बिजनेस सेगमेंट में अच्छी ग्रोथ के चलते कंपनी ने रिकॉर्ड प्रदर्शन किया, जिसका सीधा असर शेयर की कीमत पर भी देखने को मिला।

आय में करीब 25% की मजबूत वृद्धि

कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 28.8% बढ़कर ₹85.1 करोड़ हो गया, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह ₹66.1 करोड़ था। वहीं, ऑपरेशंस से होने वाला रेवेन्यू (Revenue from Operations) 52.4% बढ़कर ₹1,358.1 करोड़ पर पहुंच गया। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी की आय ₹891.2 करोड़ थी। हालांकि, इस रेवेन्यू में एलॉय (Alloy) की बढ़ी हुई कीमतों का असर भी शामिल है। अगर इस प्रभाव को अलग कर दिया जाए, तब भी कंपनी की आय में करीब 25% की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई है।

कंपनी का EBITDA यानी ब्याज, टैक्स, मूल्यह्रास और अमोर्टाइजेशन से पहले की कमाई भी शानदार रही। यह 34.3% बढ़कर ₹160.6 करोड़ हो गई, जो पिछले साल ₹119.6 करोड़ थी। हालांकि, EBITDA मार्जिन घटकर 13.4% से 11.8% रह गया। कंपनी का कहना है कि एलॉय की कीमतों में अचानक आई तेज बढ़ोतरी का असर मार्जिन पर पड़ा, क्योंकि इन लागतों को ग्राहकों तक पास-थ्रू (Pass Through) करना पड़ा।

ABS कारोबार से होने वाली आय में 48% की बढ़ोतरी

ASK ऑटोमोटिव (ASK Automotive) के लगभग सभी प्रमुख बिजनेस सेगमेंट ने इस तिमाही में अच्छी ग्रोथ दिखाई। कंपनी के एडवांस्ड ब्रेकिंग सिस्टम (Advanced Braking Systems) कारोबार से होने वाली आय में 48% की बढ़ोतरी हुई। वहीं, एल्युमीनियम हल्का और सटीक (Aluminium Lightweight Precision) सेगमेंट ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए 75% की वृद्धि दर्ज की। इसके अलावा सेफ्टी कंट्रोल केबल्स (Safety Control Cables) बिजनेस से राजस्व 20% बढ़ा, जबकि कंपनी का निर्यात (Export Revenue) भी 18% बढ़कर ₹39 करोड़ पर पहुंच गया। इससे साफ है कि घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी कंपनी की मांग मजबूत बनी हुई है।

कंपनी ने इस तिमाही में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। ASK ऑटोमोटिव (ASK Automotive) ने दोपहिया वाहनों के लिए हाई-प्रेशर डाई-कास्ट (HPDC) एलॉय व्हील्स का व्यावसायिक उत्पादन शुरू कर दिया है। इसके साथ ही कंपनी ने एक नए प्रोडक्ट सेगमेंट में कदम रखा है, जिससे भविष्य में उसके कारोबार को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। ऑटो सेक्टर में हल्के और मजबूत एलॉय व्हील्स की मांग तेजी से बढ़ रही है और कंपनी इस अवसर का फायदा उठाना चाहती है।

इसके अलावा कंपनी लागत कम करने और हरित ऊर्जा (Green Energy) पर भी जोर दे रही है। ASK ऑटोमोटिव (ASK Automotive) ने बताया कि राजस्थान में उसका 11.55 मेगावाट पीक (MWp) क्षमता वाला कैप्टिव सोलर पावर प्लांट वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में चालू होने की उम्मीद है। इससे कंपनी की बिजली लागत कम होगी और लंबे समय में मुनाफे में सुधार आने की संभावना है।

ASK ऑटोमोटिव (ASK Automotive) ने जून तिमाही में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन, नए उत्पादों की शुरुआत और भविष्य की विस्तार योजनाओं के दम पर निवेशकों का भरोसा जीत लिया है। यही वजह है कि बाजार ने कंपनी के नतीजों का जोरदार स्वागत किया और शेयर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। अब निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि कंपनी आने वाली तिमाहियों में भी इसी तरह की तेज ग्रोथ बनाए रख पाती है या नहीं।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।