दिग्गज निवेशक ने स्मॉलकैप कंपनी के खरीदे शेयर, 5% का अपर सर्किट, आपका है दांव?
Ashish Kacholia portfolio stock: दिसंबर तिमाही के दौरान कचोलिया ने यह हिस्सेदारी तब खरीदी जब स्टॉक में गिरावट आ रही थी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कचोलिया की ओर से किस कीमत पर हिस्सेदारी खरीदी गई।

Ashish Kacholia portfolio stock: शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया के पोर्टफोलियो में कई ऐसे स्टॉक हैं जिन्होंने निवेशकों को मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। अब कचोलिया के पोर्टफोलियो में एक और स्टॉक शामिल हो गया है। इस स्टॉक का नाम- Adcounty मीडिया इंडिया है। उन्होंने इस डिजिटल एडवरटाइजिंग सॉल्यूशंस प्रोवाइडर में 2.89% हिस्सेदारी खरीदी है। अक्टूबर से दिसंबर तिमाही के दौरान कचोलिया ने यह हिस्सेदारी तब खरीदी जब स्टॉक में गिरावट आ रही थी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कचोलिया की ओर से किस कीमत पर हिस्सेदारी खरीदी गई।
जुलाई में लिस्ट हुई थी कंपनी
आपको बता दें कि 4 जुलाई को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर इस स्टॉक की शेयर बाजार में एंट्री हुई थी। स्टॉक ने निवेशकों को दो महीने से भी कम समय में मल्टीबैगर रिटर्न दे दिया। स्टॉक 85 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले 282 रुपये के अपने लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया। यह 230% से ज्यादा के रिटर्न को दिखाता है। वर्तमान में शेयर करीब 5% बढ़कर लगभग 113.60 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। 31 दिसंबर को शेयर 100 रुपये के निचले स्तर पर पहुंच गया था लेकिन फिर भी यह आईपीओ प्राइस से 25% ज्यादा है।
आईपीओ की डिटेल
Adcounty मीडिया इंडिया का 50.69 करोड़ रुपये का आईपीओ पूरी तरह से 59.63 लाख शेयरों का एक नया इश्यू था, जिसकी कीमत 80 रुपये से 85 रुपये प्रति शेयर थी। यह आईपीओ 26 जून को खुला और 1 जुलाई को बंद हुआ। इसकी लिस्टिंग 130 रुपये पर हुई, जो इश्यू प्राइस से 53% ज्यादा थी। कंपनी की बात करें तो BrandTech फर्म है जो प्रोग्रामेटिक एडवरटाइजिंग, SEO, सोशल मीडिया कैंपेन आदि से परफॉर्मेंस मार्केटिंग जैसे डिजिटल एडवरटाइजिंग सॉल्यूशन देती है। शेयरहोल्डिंग पैटर्न की बात करें तो कंपनी के प्रमोटर्स के पास 65.52 फीसदी हिस्सेदारी है। वहीं, पब्लिक शेयरहोल्डिंग 34.48 फीसदी की है।





