बड़ी डील के बाद रॉकेट बना यह स्टॉक, दिग्गज निवेशक का भी है दांव
मैन इंडस्ट्रीज और सऊदी अरामको की सहायक कंपनी अरामको एशिया के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस बीच, मैन इंडस्ट्रीज (इंडिया) लिमिटेड के शेयर को खरीदने की लूट सी मच गई। बता दें कि इस शेयर पर दिग्गज निवेशक का दांव है।
Man Industries share price: शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया के पोर्टफोलियो में कई स्टॉक हैं जिन्होंने गुरुवार को तूफानी रिटर्न दिया। ऐसा ही एक स्टॉक मैन इंडस्ट्रीज (इंडिया) लिमिटेड है। यह स्टॉक एक दिन पहले 446.35 रुपये पर था तो गुरुवार को 5 पर्सेंट से ज्यादा बढ़कर 472.30 रुपये तक पहुंच गया। शेयर की क्लोजिंग 4% बढ़कर 464.40 रुपये पर हुई। शेयर में तेजी की वजह कंपनी से जुड़ी एक खबर है।
क्या है खबर?
मैन इंडस्ट्रीज और सऊदी अरामको की सहायक कंपनी अरामको एशिया के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिसका उद्देश्य मैन इंडस्ट्रीज या उसकी सहायक कंपनियों के माध्यम से सऊदी अरब में अत्याधुनिक स्टील पाइप मैन्युफैक्चरिंग फैसलिटीज स्थापित करने की संभावना का पता लगाना है। यह समझौता तत्काल प्रभाव से पांच वर्ष की अवधि तक लागू रहेगा। दोनों कंपनियां, सऊदी अरब, जीसीसी और व्यापक मध्य पूर्व क्षेत्र की एनर्जी, इंफ्रा स्ट्रक्चर और औद्योगिक आवश्यकताओं का समर्थन करने के लिए संयुक्त रूप से अपग्रेडेड क्षमताओं, टेक्नोलॉजी और संसाधनों का विकास करने की योजना बना रही हैं।
मैन इंडस्ट्रीज (इंडिया) लिमिटेड के प्रबंध निदेशक निखिल मनसुखानी ने कहा कि अरामको एशिया इंडिया के साथ यह समझौता ज्ञापन दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित ऊर्जा परियोजनाओं को उच्च-गुणवत्ता वाले लाइन पाइप समाधान प्रदान करने में मैन के तीन दशकों से अधिक के सिद्ध वैश्विक ट्रैक रिकॉर्ड का प्रमाण है। कंपनी वर्तमान में 30 से अधिक देशों को निर्यात करती है और भारत में विनिर्माण सुविधाएं संचालित करती है।
दिग्गज निवेशक के पास कितना दांव?
सितंबर तिमाही के दौरान आशीष कचोलिया ने मल्टीबैगर स्टॉक मैन इंडस्ट्रीज में अपनी हिस्सेदारी 2.03% से बढ़ाकर 3.04% कर ली। हाल ही में समाप्त तिमाही में उनके पास मैन इंडस्ट्रीज के 22,77,029 शेयर थे। बता दें कि यह तीन और पांच साल की समय सीमा में क्रमशः 478% और 544% की वृद्धि के साथ मल्टीबैगर स्टॉक के रूप में उभरा है।





