420% बढ़ा रियल्टी कंपनी का मुनाफा, 15% से ज्यादा उछलकर 350 रुपये के पार पहुंच गए शेयर
आशियाना हाउसिंग के शेयर बुधवार को 15% से ज्यादा चढ़कर 354.95 रुपये पर पहुंच गए हैं। चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में रियल एस्टेट कंपनी का मुनाफा 420 पर्सेंट बढ़ा है।

रियल एस्टेट कंपनी आशियाना हाउसिंग लिमिटेड के शेयर बुधवार को 15 पर्सेंट से अधिक की तेजी के साथ 354.95 रुपये पर पहुंच गए हैं। कंपनी के शेयर अपने 52 हफ्ते के हाई के काफी करीब जा पहुंचे हैं। आशियाना हाउसिंग के शेयरों में यह तेजी, दिसंबर 2025 तिमाही के नतीजों के बाद आई है। चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में आशियाना हाउसिंग का मुनाफा 420 पर्सेंट बढ़ा है। कंपनी ने शेयरधारकों के लिए डिविडेंड देने का भी ऐलान किया है।
रियल्टी कंपनी को 56 करोड़ रुपये से ज्यादा का मुनाफा
आशियाना हाउसिंग लिमिटेड को चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में 56.65 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। रियल्टी कंपनी का कंसॉलिडेटेड प्रॉफिट सालाना आधार पर 420 पर्सेंट बढ़ा है। आशियाना हाउसिंग को एक साल पहले की समान अवधि में 10.89 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था। आशियाना हाउसिंग का रेवेन्यू दिसंबर 2025 तिमाही में सालाना आधार पर 167 पर्सेंट बढ़कर 373.35 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में रियल्टी कंपनी का रेवेन्यू 139.93 करोड़ रुपये था। अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में आशियाना हाउसिंग का इबिट्डा 79.8 करोड़ रुपये रहा है, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 23.89 करोड़ रुपये था। आशियाना हाउसिंग ने 31 मार्च 2026 को खत्म होने वाले वित्त वर्ष के लिए हर शेयर पर 1 रुपये का अंतरिम डिविडेंड डिक्लेयर किया है।
तिमाही में 357 यूनिट्स की बुकिंग
आशियाना हाउसिंग लिमिटेड (Ashiana Housing) ने बताया है कि चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के दौरान उसने 357 यूनिट्स की बुकिंग की है। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 307 यूनिट्स की बुकिंग की थी। वहीं, पिछले साल की समान अवधि के दौरान कंपनी ने 451 यूनिट्स की बुकिंग की।
255% से ज्यादा उछल गए हैं कंपनी के शेयर
आशियाना हाउसिंग लिमिटेड के शेयर पिछले पांच साल में 255 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए हैं। रियल एस्टेट कंपनी के शेयर 12 फरवरी 2021 को 99.50 रुपये पर थे। आशियाना हाउसिंग के शेयर 11 फरवरी 2026 को 354.95 रुपये पर जा पहुंचे हैं। पिछले 4 साल में कंपनी के शेयरों में 117 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है। पिछले 3 साल में कंपनी के शेयरों में 137 पर्सेंट की तेजी आई है। आशियाना हाउसिंग लिमिटेड के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 374 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 248.75 रुपये है।
बोनस शेयर भी बांट चुकी है कंपनी
आशियाना हाउसिंग लिमिटेड (Ashiana Housing) अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर भी दे चुकी है। कंपनी ने फरवरी 2008 में अपने निवेशकों को 5:2 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 2 शेयर पर निवेशकों को 5 बोनस शेयर बांटे। आशियाना हाउसिंग अपने शेयर का भी बंटवारा कर चुकी है। कंपनी ने अक्टूबर 2013 में अपने शेयर को 5 टुकड़ों में बांटा। कंपनी ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर को 2-2 रुपये फेस वैल्यू वाले 5 शेयरों में बांटा है।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ
हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी
दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल
प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी
विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।
पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है।
वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर
चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद
विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग,
ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते
हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।


