डिफेंस शेयर ने बनाया नया रिकॉर्ड, 2900% की तूफानी तेजी, दोगुना से ज्यादा बढ़ा है मुनाफा
मुख्य बातें
- डिफेंस कंपनी अपोलो माइक्रो सिस्टम्स के शेयर नई ऊंचाई पर पहुंच गए हैं
- अपोलो माइक्रो सिस्टम्स के शेयर मंगलवार को 15% के उछाल के साथ 357.55 रुपये पर जा पहुंचे हैं
- चौथी तिमाही में कंपनी का मुनाफा दोगुना से ज्यादा बढ़ा है

डिफेंस कंपनी अपोलो माइक्रो सिस्टम्स के शेयरों ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। अपोलो माइक्रो सिस्टम्स के शेयर मंगलवार को नई ऊंचाई पर जा पहुंचे हैं। अपोलो माइक्रो सिस्टम्स के शेयर मंगलवार को BSE में 15 पर्सेंट के उछाल के साथ 357.55 रुपये पर पहुंच गए हैं। पिछले 5 साल में कंपनी के शेयरों में 2900 पर्सेंट से अधिक की जोरदार तेजी आई है। चौथी तिमाही में अपोलो माइक्रो सिस्टम्स का मुनाफा भी दोगुना से ज्यादा बढ़ा है। कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए डिविडेंड का भी ऐलान किया है।
दोगुना से ज्यादा बढ़ा है डिफेंस कंपनी का मुनाफा
एयरोस्पेस एंड डिफेंस इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी अपोलो माइक्रो सिस्टम्स लिमिटेड को 31 मार्च 2026 को खत्म हुई चौथी तिमाही में 38 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 14 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। सालाना आधार पर अपोलो माइक्रो सिस्टम्स का रेवेन्यू 81 पर्सेंट बढ़कर 293.2 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 161.8 करोड़ रुपये था। चौथी तिमाही में कंपनी का इबिट्डा सालाना आधार पर 87 पर्सेंट बढ़कर 67.5 करोड़ रुपये रहा है, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 36 करोड़ रुपये था। इबिट्डा मार्जिन भी सुधार के साथ 23 पर्सेंट पहुंच गया है। अपोलो माइक्रो सिस्टम्स के बोर्ड ने अपने शेयरधारकों के लिए हर शेयर पर 0.25 रुपये का फाइनल डिविडेंड रिकमंड किया है। यह डिविडेंड वित्त वर्ष 2026 के लिए है।
2900% से अधिक उछल गए हैं डिफेंस कंपनी के शेयर
डिफेंस कंपनी अपोलो माइक्रो सिस्टम्स लिमिटेड के शेयर पिछले पांच साल में 2915 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। कंपनी के शेयर 21 मई 2021 को 11.77 रुपये पर थे। अपोलो माइक्रो सिस्टम्स के शेयर 19 मई 2026 को 357.55 रुपये पर पहुंच गए हैं। पिछले चार साल में अपोलो माइक्रो सिस्टम्स के शेयरों में 2845 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है। पिछले तीन साल में कंपनी के शेयर 985 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। अगर पिछले एक साल की बात करें तो डिफेंस कंपनी के शेयरों में 150 पर्सेंट से ज्यादा की तेजी आई है। अपोलो माइक्रो सिस्टम्स के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 357.55 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 133.65 रुपये है।
10 टुकड़ों में अपने शेयर बांट चुकी है कंपनी
डिफेंस कंपनी अपोलो माइक्रो सिस्टम्स लिमिटेड अपने शेयर का भी बंटवारा कर चुकी है। कंपनी अपने शेयर को 10 टुकड़ों में बांट चुकी है। मल्टीबैगर कंपनी ने मई 2023 में 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर को 1-1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में बांटा है। मार्च 2026 तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, कंपनी में प्रमोटर की हिस्सेदारी 51.98 पर्सेंट है, जबकि पब्लिक शेयरहोल्डिंग 48.02 पर्सेंट है।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ
हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी
दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल
प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी
विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।
पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है।
वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर
चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद
विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग,
ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते
हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।


