अपना घर लेने से पहले ठहरिए! अपार्टमेंट या खुद की जमीन पर मकान.. जानिए कौनसा है बेस्ट सौदा?
मुख्य बातें
- अपना घर खरीदना हर किसी का सपना होता है, लेकिन जब फ्लैट और स्वतंत्र मकान में से किसी एक को चुनने की बात आती है, तो फैसला मुश्किल हो जाता है
- अपार्टमेंट में लिफ्ट, सिक्योरिटी और दूसरी सुविधाएं मिलती हैं, जबकि स्वतंत्र मकान में अपनी जमीन और ज्यादा आजादी मिलती है

अपना घर खरीदना हर किसी का सपना होता है, लेकिन जब फ्लैट और स्वतंत्र मकान में से किसी एक को चुनने की बात आती है, तो फैसला मुश्किल हो जाता है। अपार्टमेंट में लिफ्ट, सिक्योरिटी और दूसरी सुविधाएं मिलती हैं, जबकि स्वतंत्र मकान में अपनी जमीन और ज्यादा आजादी मिलती है। लेकिन सवाल यह है कि किसमें पैसा लगाना ज्यादा फायदेमंद है? कहां खर्च कम होगा, किससे ज्यादा किराया मिलेगा और लंबे समय में किसकी कीमत तेजी से बढ़ सकती है? आइए समझते हैं पूरा गणित।
1 करोड़ रुपये के बजट में क्या मिलेगा?
आपके पास 1 करोड़ रुपये का बजट है, तो यह जरूरी नहीं कि हर इलाके में आपको एक जैसा घर मिले। बड़े शहरों की अच्छी लोकेशन पर इस रकम में फ्लैट मिल सकता है, जबकि स्वतंत्र मकान खरीदने के लिए शहर से दूर जाना पड़ सकता है या छोटा घर चुनना पड़ सकता है। फ्लैट में ऑफिस, बाजार, स्कूल और मेट्रो जैसी सुविधाएं आसपास मिल सकती हैं। वहीं, स्वतंत्र मकान में आपको ज्यादा प्राइवेसी और अपनी जमीन मिल सकती है। घर खरीदते समय सिर्फ कीमत न देखें। स्टांप ड्यूटी, रजिस्ट्री, इंटीरियर और मरम्मत का खर्च भी जोड़ें।
फ्लैट और स्वतंत्र मकान में कहां ज्यादा खर्च?
मान लीजिए आप 80 लाख रुपये की प्रॉपर्टी खरीद रहे हैं। अगर रजिस्ट्री और अन्य लेनदेन का खर्च 8 फीसदी और इंटीरियर या मरम्मत का खर्च फ्लैट में 5 लाख रुपये है, तो कुल खर्च करीब 91.4 लाख रुपये होगा। वहीं, स्वतंत्र मकान में मरम्मत और अन्य शुरुआती काम पर 8 लाख रुपये खर्च होते हैं, तो कुल रकम करीब 94.4 लाख रुपये हो जाएगी। ये केवल उदाहरण हैं। असल खर्च शहर, राज्य और प्रॉपर्टी की स्टेटस के हिसाब से अलग हो सकता है।
किसकी कीमत तेजी से बढ़ेगी?
स्वतंत्र मकान खरीदने पर आमतौर पर घर के साथ जमीन का मालिकाना हक भी मिलता है, बशर्ते कानूनी डॉक्यूमेंट सही हों। समय के साथ अच्छी लोकेशन की जमीन की कीमत बढ़ सकती है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि हर स्वतंत्र मकान का रिटर्न फ्लैट से ज्यादा होगा। अच्छे रोजगार केंद्र, मेट्रो और बाजार के पास स्थित फ्लैट की मांग भी बढ़ सकती है। इसलिए प्रॉपर्टी खरीदने से पहले उसकी लोकेशन, कानूनी मंजूरी, जमीन के डॉक्यूमेंट और भविष्य में दोबारा बेचने की संभावना जरूर जांचें।
मेंटेनेंस में किसका खर्च ज्यादा?
अपार्टमेंट में लिफ्ट, सिक्योरिटी, पार्किंग और कॉमन एरिया के रखरखाव के लिए हर महीने मेंटेनेंस देना पड़ता है। मान लीजिए यह खर्च 4,000 रुपये महीने है, तो सालभर में 48,000 रुपये देने होंगे। स्वतंत्र मकान में सोसाइटी का मेंटेनेंस नहीं देना पड़ सकता, लेकिन प्लंबिंग, पेंटिंग, छत की मरम्मत, बिजली और सुरक्षा का पूरा खर्च खुद उठाना होता है। इसलिए स्वतंत्र मकान को पूरी तरह खर्च से फ्री समझना सही नहीं है।
किराये से कहां होगी ज्यादा कमाई?
मान लीजिए 80 लाख रुपये के फ्लैट से हर महीने 25,000 रुपये किराया मिलता है। ऐसे में सालाना किराया 3 लाख रुपये और ग्रॉस रेंटल यील्ड 3.75 फीसदी होगी।
वहीं, 80 लाख रुपये के स्वतंत्र मकान से 30,000 रुपये महीने का किराया मिलने पर सालाना किराया 3.6 लाख रुपये और ग्रॉस रेंटल यील्ड 4.5 फीसदी होगी। ये केवल उदाहरण हैं, बाजार के औसत आंकड़े नहीं। खाली रहने का पीरियड, टैक्स और मरम्मत का खर्च घटाने के बाद वास्तविक कमाई कम होगी।
आपके लिए कौन-सा घर बेहतर?
अगर आप सुविधाएं, सुरक्षा और आसान रखरखाव चाहते हैं, तो फ्लैट अच्छा विकल्प हो सकता है। वहीं, ज्यादा प्राइवेसी, जमीन पर मालिकाना हक और अपनी जरूरत के अनुसार बदलाव करने की आजादी चाहते हैं, तो स्वतंत्र मकान पर विचार कर सकते हैं।


