महंगाई का एक और झटका, अमूल ने बढ़ाए दूध के दाम, जानें कब से लागू होंगी नई कीमतें
देश की सबसे बड़ी डेयरी ब्रांड अमूल ने आम उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका दिया है। कंपनी ने दूध की कीमतों में ₹2 प्रति लीटर की बढ़ोतरी का ऐलान किया है, जो 14 मई 2026 से पूरे देश में लागू हो जाएगी।

देश की सबसे बड़ी डेयरी ब्रांड अमूल ने आम उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका दिया है। गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (GCMMF) ने दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का ऐलान किया है, जो 14 मई 2026 से पूरे देश में लागू हो जाएगी। जीसीएमएमएफ ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि ताजे पाउच दूध के प्रमुख विक्रय प्रकारों और पैकेटों में यह वृद्धि की गई है। नई बढ़ोतरी औसतन 2.5 से 3.5 प्रतिशत के बराबर है, जो वर्तमान खाद्य मुद्रास्फीति दर से काफी कम है।
महासंघ ने स्पष्ट किया कि दूध उत्पादन और संचालन की कुल लागत में काफी वृद्धि हुई है। बयान में कहा गया कि इस दौरान पशुओं के चारे, दूध पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की कीमतों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके चलते यह कदम उठाना पड़ा। आगे बताया गया कि बढ़ी हुई कीमतों का लाभ सीधे किसानों तक भी पहुंचेगा। जीसीएमएमएफ के सदस्य संघों ने दूध खरीद मूल्य में प्रति किलोग्राम वसा 30 रुपये की वृद्धि कर दी है। यह मई 2025 की तुलना में 3.7 प्रतिशत अधिक है।
गौरतलब है कि इससे पहले 1 मई 2025 को दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी। यहां बताना जरूरी है कि जीसीएमएमएफ देश का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक सहकारी संगठन है, जो अमूल ब्रांड के तहत पूरे भारत में लाखों उपभोक्ताओं तक दूध और डेयरी उत्पाद पहुंचाता है। कहा जा रहा है कि यह बढ़ोतरी आम उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ बढ़ाएगी।
जानकार कह रहे हैं कि दूध की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का सीधा प्रभाव आम लोगों की जेब पर पड़ने वाला है। विशेष रूप से उन परिवारों पर बोझ बढ़ेगा, जहां प्रतिदिन ज्यादा मात्रा में दूध का उपयोग होता है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि दूध महंगा होने से न केवल घरेलू खर्च बढ़ेगा, बल्कि इससे जुड़े अन्य उत्पादों की कीमतों पर भी असर पड़ेगा। माना जा रहा है कि आने वाले समय में चाय, कॉफी, मिठाइयां और विभिन्न डेयरी उत्पादों के दाम भी बढ़ सकते हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं का बजट प्रभावित होगा।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें


