₹85 से टूटकर ₹2 के स्तर पर था यह शेयर, अब लगा अपर सर्किट, चर्चा में है कंपनी
हाल ही में दिल्ली उच्च न्यायालय ने अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल अंबानी को रिलायंस होम फाइनेंस के बैंक खाते को धोखाधड़ी वाला घोषित करने के लिए जारी किए गए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के कारण बताओ नोटिस में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया है।

Reliance Home Finance share: अनिल अंबानी की कई कंपनियां हैं जिनके शेयर ने निवेशकों को बड़ा नुकसान कराया है। ऐसा ही एक शेयर- रिलायंस होम फाइनेंस का है। बीते शुक्रवार को इस कंपनी के शेयर की कीमत में 5 पर्सेंट का अपर सर्किट लगा और यह 2.75 रुपये की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले 2.88 रुपये पर जा पहुंचा। जून 2025 में शेयर 7.84 रुपये तक गया था। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई भी है। हालांकि, शेयर के ऑल टाइम हाई की बात करें तो 85 रुपये से भी ज्यादा का रहा है।
चर्चा में है कंपनी
बीते कुछ महीनों से रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड मीडिया की सुर्खियों में है। दरअसल, हाल ही में दिल्ली उच्च न्यायालय ने अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल अंबानी को रिलायंस होम फाइनेंस के बैंक खाते को धोखाधड़ी वाला घोषित करने के लिए जारी किए गए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के कारण बताओ नोटिस में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया है। अदालत ने याचिका पर नोटिस जारी किया और 27 फरवरी के लिए इसे सूचीबद्ध कर दिया।
सीबीआई ने कंपनी के खिलाफ दर्ज किया था मामला
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (पूर्व में आंध्र बैंक) के साथ कथित धोखाधड़ी के मामले में जय अनमोल अंबानी और रिलायंस होम फाइनेंस के खिलाफ मामला दर्ज किया है। धोखाधड़ी के कारण सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक को लगभग 228 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। सीबीआई ने रिलायंस होम फाइनेंस, जय अनमोल अंबानी और कंपनी के निदेशक रवींद्र शरद सुधाकर के खिलाफ बैंक की शिकायत पर कार्रवाई की। शिकायत में कहा गया है कि कंपनी ने व्यावसायिक जरूरतों के लिए मुंबई स्थित बैंक की एससीएफ शाखा से 450 करोड़ रुपये का ऋण लिया था। अधिकारियों के अनुसार, कंपनी किस्त चुकाने में विफल रही और इसलिए 30 सितंबर 2019 को उक्त खाते को एनपीए घोषित कर दिया गया।





