40% गिर गया अनिल अंबानी की इस कंपनी का मुनाफा, ₹28 के स्तर पर है शेयर
रिलायंस पावर ने दिसंबर तिमाही में 41.95 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। तिमाही मे दौरान कंपनी की कुल आय घटकर 1,949.78 करोड़ रुपये रह गई। शुक्रवार के स्टॉक मार्केट सेशन के बाद रिलायंस पावर के शेयर पिछले मार्केट सेशन के ₹27.80 के मुकाबले 1.91% बढ़कर ₹28.26 पर बंद हुए।

Reliance power result: अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस पावर ने वित्त वर्ष 2025-26 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस तिमाही में कंपनी का मुनाफा 40 प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ 25.11 करोड़ रुपये रह गया। रिलायंस पावर ने वित्त वर्ष 2024-25 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 41.95 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। तिमाही मे दौरान कंपनी की कुल आय घटकर 1,949.78 करोड़ रुपये रह गई जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 2,159.44 करोड़ रुपये थी।
तीसरी तिमाही का खर्च
रिलायंस पावर का तीसरी तिमाही में कुल खर्च पिछले साल की इसी अवधि के ₹2109 करोड़ की तुलना में 12% घटकर ₹1849 करोड़ हो गया लेकिन इस अवधि में टैक्स खर्च के कारण कंपनी के नेट मुनाफे पर असर पड़ा। कंपनी की फाइनेंसिंग कॉस्ट में कमी और इस्तेमाल किए गए फ्यूल की लागत में गिरावट, फाइनेंशियल ईयर 2025-26 के अक्टूबर से दिसंबर तिमाही में कुल खर्चों में कमी के मुख्य कारण थे। कंसोलिडेटेड फाइनेंशियल स्टेटमेंट से यह भी पता चला कि कंपनी ने 2025-26 में खत्म होने वाले फाइनेंशियल ईयर की तीसरी तिमाही में कुल ₹75.02 करोड़ का टैक्स खर्च रिकॉर्ड किया जबकि पिछले साल इसी अवधि में टैक्स का बोझ ₹7.93 करोड़ था।
रिलायंस पावर के शेयर का परफॉर्मेंस
कंपनी ने 30 जनवरी 2026 को मार्केट बंद होने के बाद अपने दिसंबर तिमाही के नतीजे घोषित किए। NSE डेटा के अनुसार शुक्रवार के स्टॉक मार्केट सेशन के बाद रिलायंस पावर के शेयर पिछले मार्केट सेशन के ₹27.80 के मुकाबले 1.91% बढ़कर ₹28.26 पर बंद हुए। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 76.49 रुपये और 52 हफ्ते का लो 26.83 रुपये है। रिलायंस पावर के शेयरों ने पिछले पांच सालों में स्टॉक मार्केट इन्वेस्टर्स को उनके इन्वेस्टमेंट पर 757% से ज्यादा रिटर्न दिया है और पिछले तीन सालों में 126% से ज्यादा रिटर्न दिया है। हालांकि, कंपनी के शेयरों में पिछले एक साल में 26.82% की गिरावट आई है। साल-दर-साल आधार पर, कंपनी का स्टॉक 2026 में अब तक 18.49% गिरा है।





