अनिल अंबानी के शेयरों का बुरा हाल, घर की कुर्की के बाद शेयर भी धड़ाम, ED के सामने दूसरी बार पेश हुए अंबानी

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर और रिलायंस पावर दोनों ही कंपनियों के शेयर 52 हफ्ते के नए निचले स्तर पर जा पहुंचे हैं
  • प्रवर्तन निदेशालय ने एंटी-मनी लॉन्ड्रिंग लॉ के तहत अनिल अंबानी के मुंबई स्थित घर 'एबोड' को कुर्क कर लिया है
अनिल अंबानी के शेयरों का बुरा हाल, घर की कुर्की के बाद शेयर भी धड़ाम, ED के सामने दूसरी बार पेश हुए अंबानी

अनिल अंबानी के मालिकाना हक वाली कंपनी रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर और रिलायंस पावर के शेयर गुरुवार को बाजार खुलते ही धड़ाम हो गए हैं। रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर और रिलायंस पावर दोनों ही कंपनियों के शेयर 52 हफ्ते के नए निचले स्तर पर जा पहुंचे हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एंटी-मनी लॉन्ड्रिंग लॉ के तहत अनिल अंबानी के मुंबई स्थित घर 'एबोड' को कुर्क कर लिया है। इस घर की कीमत 3,716 करोड़ रुपये है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी है। प्रवर्तन निदेशालय ने एक बयान में कहा कि अनिल अंबानी ग्रुप की कंपनी आरकॉम के कथित बैंक धोखाधड़ी से जुड़े मामले में इस बहुमंजिला घर को कुर्क करने के लिए पीएमएलए के तहत एक अस्थायी आदेश जारी किया गया है। इस बीच, रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी गुरुवार को मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूछताछ के लिए दूसरी बार प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समक्ष पेश हुए।

93 रुपये से भी नीचे पहुंच गए रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयर
अनिल अंबानी की फ्लैगशिप कंपनी रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयर गुरुवार को 93 रुपये से भी नीचे जा पहुंचे। रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयर गुरुवार को BSE में 5 पर्सेंट की गिरावट के साथ 92.95 रुपये पर पहुंच गए हैं। कंपनी के शेयर पिछले 6 महीने में 65 पर्सेंट से अधिक लुढ़क गए हैं। वहीं, इस साल अब तक रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयरों में 40 पर्सेंट से अधिक की गिरावट देखने को मिली है। पिछले एक महीने में रिलायंस इंफ्रा के शेयर 30 पर्सेंट से ज्यादा लुढ़क गए हैं।

52 हफ्ते के हाई से 75% से ज्यादा लुढ़क गए रिलायंस इंफ्रा के शेयर
रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर (Reliance Infrastructure) के शेयर अपने 52 हफ्ते के निचले स्तर से 75 पर्सेंट से अधिक टूट गए हैं। रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 425 रुपये है। कंपनी के शेयर 27 जून 2025 को इस लेवल पर थे। रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयर 26 फरवरी 2026 को 92.95 रुपये पर जा पहुंचे हैं। दिसंबर 2025 तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 19.05 पर्सेंट है, जबकि पब्लिक शेयरहोल्डिंग 80.84 पर्सेंट है।

25 रुपये से नीचे पहुंच गए रिलायंस पावर के शेयर
रिलायंस पावर (Reliance Power) के शेयर गुरुवार को 25 रुपये से भी नीचे जा पहुंचे हैं। पावर कंपनी के शेयर गुरुवार को टूटकर 24.90 रुपये पर पहुंच गए हैं। कंपनी के शेयरों ने 52 हफ्ते का नया निचला स्तर बनाया है। पिछले 6 महीने में रिलायंस पावर के शेयरों में 43 पर्सेंट से अधिक की गिरावट देखने को मिली है। इस साल अब तक रिलायंस पावर के शेयरों में 27 पर्सेंट से अधिक की गिरावट आई है। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 76.49 रुपये है।

इससे पहले अगस्त 2025 में हुई थी पूछताछ
रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी गुरुवार को सुबह करीब 10.30 बजे सेंट्रल दिल्ली स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के ऑफिस पहुंचे। इससे पहले उनसे अगस्त 2025 में पूछताछ की गई थी। एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि उनका बयान प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत दर्ज किया जाएगा। यह जांच उनकी समूह कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस (आरकॉम) द्वारा कथित रूप से 40,000 करोड़ रुपये से अधिक के बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले से संबंधित है। अंबानी और उनके समूह की विभिन्न कंपनियों पर ऋण धोखाधड़ी के आरोप हैं। ईडी ने हाल ही में इन सभी मामलों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। एसआईटी का गठन उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के बाद किया गया।

(भाषा के इनपुट के साथ)

Vishnu Soni

लेखक के बारे में

Vishnu Soni

विष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।

पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है। वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग, ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,