
कम हो गया मुकेश अंबानी की कंपनी का घाटा, शेयर खरीदने की मची लूट, ₹18 पर आया भाव
अलोक इंडस्ट्रीज ने चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में घाटे को घटाने में सफलता हासिल की है। राजस्व और बिक्री में मामूली सुधार देखने को मिला है, जिससे संकेत मिलता है कि कंपनी अपने परिचालन में स्थिरता की ओर बढ़ रही है।
Alok Industries Ltd Q2 Result: टेक्सटाइल कंपनी अलोक इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने सितंबर 2025 को समाप्त दूसरी तिमाही और छह महीने की अवधि के वित्तीय नतीजे जारी किए हैं। कंपनी ने इस बार घाटे में सुधार दिखाया है, हालांकि बिक्री और रेवेन्यू में केवल मामूली बढ़ोतरी हुई है। कंपनी के शेयर आज कारोबार के दौरान 6 पर्सेंट तक चढ़ गए थे और 18.46 रुपये पर आ गए थे।

दूसरी तिमाही के नतीजे
सितंबर तिमाही में कंपनी का नेट घाटा ₹162.38 करोड़ का रहा, जो पिछले साल के ₹262.10 करोड़ के मुकाबले काफी कम है। वहीं, रेवेन्यू ₹994.77 करोड़ रहा, जबकि पिछले साल यह ₹898.78 करोड़ था। कुल बिक्री ₹941.09 करोड़ रही, जो पिछले साल की समान अवधि की ₹885.66 करोड़ से अधिक है। प्रति शेयर नुकसान (EPS) बेसिक और डायल्यूटेड दोनों ही ₹0.33 रहे, जबकि पिछले साल यह ₹0.53 था। कुल मिलाकर अलोक इंडस्ट्रीज ने चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में घाटे को घटाने में सफलता हासिल की है। राजस्व और बिक्री में मामूली सुधार देखने को मिला है, जिससे संकेत मिलता है कि कंपनी अपने परिचालन में स्थिरता की ओर बढ़ रही है।
आलोक इंडस्ट्रीज की शेयरधारिता पैटर्न
शेयरधारिता आंकड़ों के अनुसार, मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास मार्च 2025 तिमाही के अंत तक आलोक इंडस्ट्रीज में 1,98,65,33,333 शेयर थे, जो 40.01 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। दूसरी ओर, जेएम फाइनेंशियल एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड के पास कंपनी में 1,73,73,11,844 शेयर या 34.99 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। रिलायंस इंडस्ट्रीज और जेएम फाइनेंशियल दोनों ही कंपनी के प्रमोटर और प्रमोटर समूह श्रेणी में आते हैं।



