Alibaba ने इस पर लगाया बड़ा दांव! ₹95,000 करोड़ की शेयर बिक्री से जुटाएगी रकम, जानें पैसा कहां होगा खर्च

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • चीन की टेक दिग्गज अलीबाबा (Alibaba) ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की वैश्विक रेस में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए करीब ₹95,000 करोड़ (10.2 अरब डॉलर) की नई शेयर बिक्री शुरू की है
  • कंपनी इस रकम का इस्तेमाल AI इंफ्रास्ट्रक्चर, क्लाउड कंप्यूटिंग, AI चिप्स और बड़े भाषा मॉडल जैसी तकनीकों में करेगी

Alibaba Group Holding
अलीबाबा ने Ai की वैश्विक रेस में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए करीब ₹95,000 करोड़ की नई शेयर बिक्री शुरू की।

चीन की दिग्गज टेक कंपनी अलीबाबा ग्रुप होल्डिंग (Alibaba Group Holding) ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की रेस में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने रविवार, 23 अगस्त को हांगकांग में करीब ₹95,000 करोड़ यानी 10.2 अरब डॉलर की नई शेयर बिक्री शुरू करने की घोषणा की। इस पूरी रकम का इस्तेमाल AI क्षमता बढ़ाने, AI इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने और क्लाउड कंप्यूटिंग से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार में किया जाएगा। इस शेयर बिक्री को इस साल दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी प्राइमरी फॉलो-ऑन ऑफरिंग बताया जा रहा है। इससे पहले Alphabet और Intel जैसी बड़ी अमेरिकी टेक कंपनियां बड़े फॉलो-ऑन शेयर ऑफर ला चुकी हैं। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

अलीबाबा (Alibaba) ने बताया कि वह करीब 80 अरब हांगकांग डॉलर के शेयर जारी करेगी। कंपनी का लक्ष्य AI के क्षेत्र में अपनी वैश्विक स्थिति मजबूत करना और अपनी फुल-स्टैक AI क्षमताओं में निवेश बढ़ाना है। इसमें AI कंप्यूटिंग, डेटा सेंटर, क्लाउड सर्विसेज और अन्य जरूरी तकनीकी इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक निवेशकों की मजबूत मांग के कारण कंपनी ने शेयर बिक्री का आकार बढ़ाकर 80 अरब हांगकांग डॉलर किया। यह अलीबाबा (Alibaba) की 2019 में हांगकांग लिस्टिंग के बाद पहली नई शेयर प्लेसमेंट है। कंपनी करीब 71 करोड़ शेयर 112.70 हांगकांग डॉलर प्रति शेयर की कीमत पर बेचने की योजना बना रही है, जो उसके हालिया क्लोजिंग प्राइस से लगभग 3.6% कम है।

अलीबाबा (Alibaba) का AI पर खर्च तेजी से बढ़ रहा है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी के क्लाउड और AI कारोबार का रेवेन्यू सालाना आधार पर 45% बढ़ा। इसी दौरान कंपनी का कैपिटल एक्सपेंडिचर करीब 75% बढ़कर लगभग ₹80,000 करोड़ पहुंच गया। अलीबाबा (Alibaba) के CEO एडी वू योंगमिंग के मुताबिक कंपनी को उम्मीद है कि AI कंप्यूटिंग में किया गया निवेश करीब तीन साल में ब्रेक-ईवन तक पहुंच सकता है। अगर AI कारोबार में ग्रॉस मार्जिन बेहतर होता है तो यह अवधि लगभग दो साल तक भी कम हो सकती है।

कंपनी का AI प्लान सिर्फ क्लाउड और डेटा सेंटर तक सीमित नहीं है। अलीबाबा (Alibaba) के Qwen AI मॉडल को दुनिया भर में 3 अरब से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है। वहीं कंपनी की सेमीकंडक्टर यूनिट T-Head अपने AI चिप कारोबार को भी तेजी से बढ़ा रही है। अलीबाबा (Alibaba) के Zhenwu चिप्स को अब तक 650 से ज्यादा ग्राहक इस्तेमाल कर चुके हैं। कंपनी का Zhenwu M890 AI प्रोसेसर भी व्यावसायिक स्तर पर इस्तेमाल में आना शुरू हो गया है। जून तिमाही में अलीबाबा (Alibaba) के AI Cloud और कंप्यूट सर्विसेस कारोबार का रेवेन्यू करीब ₹57,000 करोड़ रहा, जो पिछले 22 तिमाहियों में इसकी सबसे तेज वृद्धि बताई गई।

हालांकि, AI पर बढ़ते खर्च का दबाव कंपनी के मुनाफे पर भी दिखाई दिया है। जून तिमाही में अलीबाबा (Alibaba) का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 75% गिर गया, जबकि कंपनी का रेवेन्यू करीब 9% बढ़कर लगभग ₹2.24 लाख करोड़ रहा। इस खबर के बीच शुक्रवार को Alibaba के अमेरिकी लिस्टेड शेयरों में 8.57% की गिरावट आई, जबकि हांगकांग में उसके शेयर 2.54% नीचे रहे।

दरअसल, अलीबाबा (Alibaba) अकेली कंपनी नहीं है जो AI में भारी निवेश कर रही है। चीन की Tencent ने भी जून तिमाही में AI से जुड़े कैपिटल एक्सपेंडिचर को सालाना आधार पर 176% बढ़ाया। दूसरी तरफ Amazon, Microsoft, Alphabet और Meta जैसी अमेरिकी टेक कंपनियां भी AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर अरबों डॉलर खर्च कर रही हैं। ऐसे में अलीबाबा (Alibaba) की ₹95,000 करोड़ की शेयर बिक्री को सिर्फ पूंजी जुटाने का कदम नहीं, बल्कि वैश्विक AI प्रतिस्पर्धा में लंबी अवधि के लिए बड़ा निवेश माना जा रहा है। कंपनी के सामने चुनौती यह होगी कि इस भारी निवेश को भविष्य में मुनाफे और तेज AI ग्रोथ में कितनी जल्दी बदला जा सके।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़Alibaba ने इस पर लगाया बड़ा दांव! ₹95,000 करोड़ की शेयर बिक्री से जुटाएगी रकम