आकाश मिसाइल बनाने वाली कंपनी का मुनाफा 6 गुना से ज्यादा बढ़ा, 627% चढ़ गए हैं शेयर
मुख्य बातें
- आकाश मिसाइल बनाने वाली कंपनी भारत डायनामिक्स का मुनाफा पहली तिमाही में 6 गुना से ज्यादा बढ़ा है
- कंपनी के शेयर 627 पर्सेंट चढ़ चुके हैं
- कंपनी अपने शेयर का बंटवारा भी कर चुकी है

आकाश मिसाइल बनाने वाली कंपनी भारत डायनामिक्स को तगड़ा मुनाफा हुआ है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में मिनीरत्न कंपनी भारत डायनामिक्स का मुनाफा 6 गुना से ज्यादा बढ़ा है। कंपनी को पहली तिमाही में 118.79 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में भारत डायनामिक्स को 18.35 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था। कंपनी के शेयर पिछले 5 साल में 627 पर्सेंट उछल गए हैं।
दोगुना से ज्यादा बढ़ा है भारत डायनामिक्स का रेवेन्यू
भारत डायनामिक्स (Bharat Dynamics) का रेवेन्यू चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में दोगुना से ज्यादा बढ़ गया है। पहली तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू करीब 131 पर्सेंट बढ़कर 572 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में मिनीरत्न कंपनी भारत डायनामिक्स का रेवेन्यू 248 करोड़ रुपये था। हालांकि, तिमाही आधार पर कंपनी का मुनाफा केवल 5 पर्सेंट बढ़ा है, मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट 113 करोड़ रुपये था। तिमाही आधार पर भारत डायनामिक्स का रेवेन्यू 19 पर्सेंट बढ़ा है।
627% उछल गए हैं भारत डायनामिक्स के शेयर
मिनीरत्न कंपनी भारत डायनामिक्स (Bharat Dynamics) के शेयर पिछले 5 साल में 627 पर्सेंट चढ़ गए हैं। कंपनी के शेयर 13 अगस्त 2021 को 192.43 रुपये पर थे। एयरोस्पेस एंड डिफेंस इंडस्ट्री से जुड़ी इस कंपनी के शेयर शुक्रवार 14 अगस्त 2026 को 1399 रुपये पर बंद हुए हैं। पिछले 4 साल में कंपनी के शेयरों में 241 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है। तीन साल में कंपनी के शेयर 148 पर्सेंट उछले हैं। पिछले एक साल में भारत डायनामिक्स लिमिटेड के शेयरों में 11 पर्सेंट से अधिक की गिरावट देखने को मिली है। वहीं, पिछले 6 महीने में मिनीरत्न कंपनी के शेयर 11 पर्सेंट से ज्यादा उछल गए हैं। कंपनी का मार्केट कैप शुक्रवार को 51,282 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। भारत डायनामिक्स के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 1655.25 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 1090 रुपये है।
2 टुकड़ों में अपने शेयर बांट चुकी है कंपनी
भारत डायनामिक्स (Bharat Dynamics) अपने शेयर का भी बंटवारा कर चुकी है। मिनीरत्न कंपनी ने अपने शेयर को 2 टुकड़ों में बांटा है। भारत डायनामिक्स ने मई 2024 में 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर को 5-5 रुपये फेस वैल्यू वाले 2 शेयरों में बांटा है। भारत डायनामिक्स, आकाश मिसाइल की मैन्युफैक्चरिंग करती है। इसके इलेक्ट्रॉनिक और रडार सिस्टम्स को भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड बनाती है। आकाश मिसाइल सिस्टम्स को डीआरडीओ ने डिजाइन और डिवेलप किया।


