
Air India की फ्लाइट में कॉकरोच को मिली ‘फांसी', लॉगबुक से खुलासा, सोशल मीडिया पर हंगामा
सोशल मीडिया पर दिल्ली से दुबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट की कैबिन डिफेक्ट लॉगबुक की एक एंट्री वायरल हो रही है, जिसमें लिखा गया है कि उड़ान के दौरान एक 'जिंदा कॉकरोच' मिला, जिसे 'फांसी दी गई' जब तक उसकी मौत नहीं हुई।'
Air India News: एयर इंडिया एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार देरी, तकनीकी खराबी या आपात लैंडिंग के कारण नहीं, बल्कि ‘एक कॉकरोच की फांसी’ को लेकर। दरअसल, सोशल मीडिया पर दिल्ली से दुबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट की कैबिन डिफेक्ट लॉगबुक की एक एंट्री वायरल हो रही है, जिसमें लिखा गया है कि उड़ान के दौरान एक 'जिंदा कॉकरोच' मिला, जिसे 'फांसी दी गई' जब तक उसकी मौत नहीं हुई।' बता दें कि लॉगबुक में एंट्री की तारीख 24 अक्टूबर 2025 दर्ज है और अब इसे सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने के बाद लोगों में हैरानी और फनी दोनों माहौल है। सोशल मीडिया यूजर्स अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

क्या लिखा था रिपोर्ट में
‘हिंदुस्तान टाइम्स’ द्वारा देखे गए लॉगबुक रिकॉर्ड में लिखा गया है 'यात्री द्वारा एक जिंदा कॉकरोच देखा गया, कॉकरोच को फांसी दी गई जब तक उसकी मौत नहीं हुई।' यह एंट्री फ्लाइट के रूटीन कंप्लेंट्स जैसे 'एंटरटेनमेंट सिस्टम खराब' और 'वॉशबेसिन जाम' के बीच दर्ज की गई थी। लेकिन इस अजीब लाइन ने सोशल मीडिया पर जैसे आग लगा दी।
सोशल मीडिया पर हंगामा
लॉगबुक की फोटो वायरल होने के बाद लोगों ने इस पर खूब मजाक उड़ाया। एक यूजर ने लिखा, “एयर इंडिया ने अब कीड़ों के लिए भी सज़ा-ए-मौत शुरू कर दी!” दूसरे ने कहा, “कम से कम कॉकरोच को न्याय तो मिल गया।” वहीं कुछ ने कहा कि यह मजाकिया एंट्री थी, लेकिन सफाई व्यवस्था पर एयरलाइन को ध्यान देना चाहिए।
कैसे शुरू हुआ मामला
रिपोर्ट्स के अनुसार, टेकऑफ के कुछ देर बाद एक यात्री ने गैली (किचन एरिया) में एक कॉकरोच देखा और इसकी जानकारी क्रू मेंबर को दी। क्रू ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कीड़े को मार दिया और पूरे वाकये को ऑफिशियल मेंटेनेंस लॉगबुक में दर्ज कर दिया।
एयर इंडिया की चुप्पी
अब तक एयर इंडिया की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है और न ही यह बताया गया है कि दुबई लैंडिंग के बाद इस पर कोई जांच हुई या नहीं।
कुछ दिन पहले बर्ड हिट की घटना भी
बता दें कि यह घटना उस समय सामने आई है जब कुछ दिन पहले ही एयर इंडिया की नागपुर-दिल्ली फ्लाइट (AI466) को उड़ान भरने के तुरंत बाद बर्ड हिट का सामना करना पड़ा था। कंपनी ने बताया कि क्रू ने सावधानी बरतते हुए विमान को नागपुर लौटाने का फैसला किया, और विमान सुरक्षित लैंड हो गया। कंपनी के बयान में कहा गया, “फ्लाइट AI466, नागपुर से दिल्ली के बीच 24 अक्टूबर को उड़ान भर रही थी, तभी बर्ड हिट हुआ। एहतियात के तौर पर विमान वापस नागपुर लाया गया और जांच के बाद उड़ान रद्द कर दी गई।”
एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन कॉन्फ्रेंस
इस बीच, भारत पहली बार एशिया-प्रशांत क्षेत्र के विमान दुर्घटना जांचकर्ताओं (APAC-AIG) की बैठक की मेजबानी कर रहा है। यह कार्यक्रम 28 से 31 अक्टूबर तक नई दिल्ली में आयोजित होगा, जिसमें करीब 90 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ भाग लेंगे।





