JIO IPO से पहले नई हलचल? शुक्रवार को रिलायंस करने वाली है बड़ा ऐलान

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO का इंतजार कर रहे हैं तो शुक्रवार का दिन आपके लिए अहम होने वाला है
  • बता दें कि जियो प्लेटफॉर्म्स ने IPO की प्रक्रिया शुरू कर दी है
  • बैंकरों और एनालिस्ट्स के अनुसार, इस इश्यू से ₹32,000–35,000 करोड़ जुटाए जाने की उम्मीद है
jio ipo

अगर मुकेश अंबानी की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO (इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग) का इंतजार कर रहे हैं तो शुक्रवार का दिन आपके लिए अहम होने वाला है। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि आईपीओ लॉन्चिंग से पहले कंपनी अपनी पहली अर्निंग्स रिपोर्ट जारी करने वाली है। बता दें कि 17 जुलाई यानी शुक्रवार को जियो की पैरेंट कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज अपने अप्रैल-जून तिमाही के नतीजे जारी करने वाली है। इसी दौरान, जियो प्लेटफॉर्म्स और रिलायंस रिटेल समेत अन्य कारोबार के आंकड़े भी जारी किए जाएंगे।

ब्रोकरेज का अनुमान?

मिंट की एक खबर के मुताबिक ब्रोकरेज हाउस नोमुरा के एनालिस्ट्स ने 7 जुलाई की एक रिपोर्ट में कहा, "हमारा अनुमान है कि पहली तिमाही में जियो प्लेटफॉर्म्स का रेवेन्यू 3% (क्वार्टर-ऑन-क्वार्टर) और 13% (साल-दर-साल) बढ़कर ₹39,600 करोड़ हो गया है। इसकी मुख्य वजह तिमाही के दौरान 80 लाख (8 मिलियन) नए सब्सक्राइबर्स का जुड़ना है। इस वजह से सब्सक्राइबर्स की संख्या 52.44 करोड़ से बढ़कर 53.24 करोड़ होने की उम्मीद है।"

लंबे समय से अपेक्षित टैरिफ बढ़ोतरी न होने के बावजूद नोमुरा को उम्मीद है कि Jio का प्रति यूजर औसत रेवेन्यू (ARPU) ₹3 बढ़कर ₹217 प्रति महीना हो जाएगा। जनवरी-मार्च तिमाही की तुलना में जून तिमाही में बिलिंग के लिए दो अतिरिक्त दिन (क्योंकि फरवरी में 28 दिन होते हैं) होने से इस बढ़ोतरी का बड़ा हिस्सा आने की उम्मीद है।

मार्च तिमाही के नतीजे

मार्केट शेयर के हिसाब से भारत की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो, जियो प्लेटफॉर्म्स के ज्यादातर बिजनेस को संभालती है। मार्च तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 13% बढ़कर ₹7,935 करोड़ हो गया जबकि रेवेन्यू 12.6% बढ़कर ₹38,259 करोड़ हो गया। मार्च तिमाही में जियो का मंथली ARPU थोड़ा बढ़कर ₹214 हो गया, जो सालाना आधार पर 3.8% अधिक है।

प्रमोशनल 5G ऑफर और टैरिफ में बढ़ोतरी न होने की वजह से ARPU की ग्रोथ सीमित बनी हुई है। अगर मार्च तिमाही में भारती एयरटेल के ARPU की बात करें तो ₹257 था जबकि वोडाफोन आइडिया ने 1.2% की बढ़ोतरी के साथ इसे ₹174 प्रति माह बताया।

Jio IPO पर अपडेट

जियो प्लेटफॉर्म्स ने IPO की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बैंकरों और एनालिस्ट्स के अनुसार, इस इश्यू से ₹32,000–35,000 करोड़ जुटाए जाने की उम्मीद है। कंपनी ₹10 की फेस वैल्यू वाले 270 मिलियन इक्विटी शेयरों के नए इश्यू के जरिए फंड जुटाने की योजना बना रही है। मौजूदा निवेशक IPO में अपने शेयर नहीं बेचेंगे। Jio इस पैसे में से ₹27,500 करोड़ तक का इस्तेमाल अपनी मुख्य सब्सिडियरी जियो इंफोकॉम द्वारा लिए गए कुछ कर्ज को समय से पहले चुकाने के लिए करेगी।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।