आदर पूनावाला का बड़ा दांव! Inox क्लीन एनर्जी में ₹700 करोड़ का निवेश, वैल्यूएशन पहुंची ₹70,000 करोड़
मुख्य बातें
- आदर पूनावाला फैमिली ऑफिस ने अपनी निवेश कंपनी राइजिंग सन होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड (Rising Sun Holdings Pvt
- Ltd.) के जरिए आईनॉक्स क्लीन एनर्जी (Inox Clean Energy) में 700 करोड़ रुपये का निवेश किया है
- इस निवेश के बाद कंपनी की वैल्यूएशन 70,000 करोड़ रुपये पहुंच गई है

भारत में ग्रीन एनर्जी (Renewable Energy) सेक्टर तेजी से निवेशकों को आकर्षित कर रहा है। इसी कड़ी में एक बड़ा निवेश सामने आया है। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ आदर पूनावाला के फैमिली ऑफिस ने अपनी निवेश यूनिट राइजिंग सन होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड (Rising Sun Holdings Pvt. Ltd.) के जरिए आयनॉक्स क्लीन एनर्जी लिमिटेड (Inox Clean Energy Ltd) में 700 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इस निवेश के साथ कंपनी की वैल्यूएशन करीब 70,000 करोड़ रुपये पहुंच गई है। यह डील ऐसे समय में हुई है, जब भारत में स्वच्छ ऊर्जा और सौर ऊर्जा परियोजनाओं में निवेश लगातार बढ़ रहा है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
कंपनी ने बताया कि इस नए निवेश का उपयोग अपनी वित्तीय स्थिति को और मजबूत बनाने, नई रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट का विस्तार करने, मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने और भारत के साथ-साथ विदेशों में नई कंपनियों के अधिग्रहण (Acquisition) के लिए किया जाएगा। आईनॉक्स क्लीन एनर्जी (Inox Clean Energy) का लक्ष्य आने वाले सालों में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करना है, ताकि बढ़ती ऊर्जा मांग का फायदा उठाया जा सके।
कंपनी में करीब 800 करोड़ का निवेश
यह पहली बार नहीं है, जब कंपनी को किसी बड़े निवेशक का समर्थन मिला हो। इससे पहले अमेरिका के सबसे बड़े पेंशन फंडों में से एक CalPERS (California Public Employees' Retirement System) भी कंपनी में करीब 800 करोड़ रुपये का निवेश कर चुका है। लगातार बड़े निवेश मिलने से यह साफ संकेत मिलता है कि घरेलू और विदेशी निवेशकों का भरोसा भारत के ग्रीन एनर्जी सेक्टर पर लगातार बढ़ रहा है।
पिछले 10 महीनों में 10 बड़े अधिग्रहण
पिछले 10 महीनों में आईनॉक्स क्लीन एनर्जी (Inox Clean Energy) ने 10 बड़े अधिग्रहण (Acquisitions) किए हैं, जिसने कंपनी को तेजी से विस्तार करने में मदद की है। इनमें अमेरिका की Boviet Solar की मैन्युफैक्चरिंग परिसंपत्तियां, Vena Energy के भारतीय एसेट्स, Vibrant Energy, SunSource Energy के भारत स्थित कारोबार और SkyPower के भारत व अफ्रीका से जुड़े बिजनेस शामिल हैं। इन अधिग्रहणों के जरिए कंपनी ने अपनी उत्पादन क्षमता, मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क और अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति को काफी मजबूत किया है।
InoxGFL Group के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर देवांश जैन ने कहा कि पिछले एक साल में कंपनी ने ऑर्गेनिक ग्रोथ और रणनीतिक अधिग्रहणों के दम पर शानदार प्रगति की है। उनके अनुसार, आदर पूनावाला फैमिली ऑफिस का निवेश कंपनी के बिजनेस मॉडल, पूंजी के बेहतर उपयोग और बड़े स्तर पर परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा करने की क्षमता पर निवेशकों के भरोसे को दर्शाता है।
आज आईनॉक्स क्लीन एनर्जी (Inox Clean Energy) के निवेशकों की लिस्ट में CalPERS, RJ Corp, Authum Investments, आकाश भंसाली और कई फैमिली ऑफिस व हाई नेटवर्थ निवेशक शामिल हैं। इससे साफ है कि भारत का रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर आने वाले सालों में निवेश और विकास के लिहाज से सबसे आकर्षक क्षेत्रों में से एक बनता जा रहा है। सरकार के स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों और बढ़ती बिजली डिमांड को देखते हुए इस सेक्टर में आगे भी बड़े निवेश देखने को मिल सकते हैं।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


