
11% बढ़ा अडानी की इस कंपनी का मुनाफा, 15 महीने में पहली बार तिमाही उछाल
अडानी टोटल गैस लिमिटेड (ATGL) ने 15 महीने में पहली बार तिमाही मुनाफे में बढ़ोतरी दर्ज की है। वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट साल-दर-साल (YoY) आधार पर 11% बढ़कर ₹158.65 करोड़ रहा।
Adani total gas share price: गौतम अडानी समूह की कंपनी-अडानी टोटल गैस लिमिटेड (ATGL) ने दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। अडानी की कंपनी ने 15 महीने में पहली बार तिमाही मुनाफे में बढ़ोतरी दर्ज की है। वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट साल-दर-साल (YoY) आधार पर 11% बढ़कर ₹158.65 करोड़ रहा जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह ₹142.38 करोड़ था। हालांकि, तिमाही आधार पर मुनाफे में थोड़ी गिरावट देखी गई। बता दें कि सितंबर तिमाही में मुनाफा ₹163.49 करोड़ था। दिसंबर तिमाही के दौरान कंपनी की परिचालन से आय में ₹1,639.22 करोड़ रही, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही के ₹1,400.88 करोड़ की तुलना में 17% अधिक है। अडानी टोटल गैस ने बताया कि दिसंबर तिमाही में स्टैंडअलोन आधार पर CNG और PNG का संयुक्त वॉल्यूम 12% YoY बढ़ा है।
कंपनी ने 18 नए CNG स्टेशन जोड़े
इस तिमाही में कंपनी ने 18 नए CNG स्टेशन जोड़े, जिससे कुल संख्या बढ़कर 680 हो गई। PNG घरेलू कनेक्शन भी बढ़कर 10.5 लाख हो गए, क्योंकि इस अवधि में 34,210 नए घरों को जोड़ा गया। इसके अलावा, औद्योगिक और वाणिज्यिक कनेक्शनों की संख्या बढ़कर 9751 हो गई, जिसमें 148 नए ग्राहक जुड़े। वहीं, कंपनी ने अब तक लगभग 14,862 इंच-किलोमीटर स्टील पाइपलाइन नेटवर्क का निर्माण पूरा कर लिया है। कंपनी के अब 26 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 226 शहरों में 4908 EV चार्ज पॉइंट स्थापित हो चुके हैं, जिनकी कुल स्थापित क्षमता लगभग 51 मेगावाट है।
क्या कहा कंपनी के सीईओ ने?
कंपनी के CEO और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सुरेश पी. मंग्लानी ने कहा कि गैस आपूर्ति की चुनौतियों और ऊंची अंतरराष्ट्रीय कीमतों के बावजूद, विविध सोर्सिंग रणनीति के चलते कंपनी ने निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की है। बता दें कि अडानी टोटल गैस के शेयर की बात करें तो गुरुवार को 3.85% बढ़कर 548.40 रुपये पर बंद हुआ। शेयर का ट्रेडिंग रेंज 554.25 रुपये और 531.15 रुपये के बीच रहा।





