अब न्यूक्लियर एनर्जी में अडानी ग्रुप की एंट्री, बनाई नई कंपनी, रॉकेट बना पावर शेयर
अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी पावर के शेयर 4% से ज्यादा चढ़कर 207.40 रुपये पर पहुंच गए हैं। अडानी पावर ने घोषणा की है कि अडानी एटॉमिक एनर्जी ने अपने पूर्ण मालिकाना हक वाली इकाई कोस्टल-महा एटॉमिक एनर्जी बनाई है।

अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी पावर के शेयरों में सोमवार को जबरदस्त तेजी आई है। अडानी पावर के शेयर BSE में इंट्राडे के दौरान 4 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 207.40 रुपये पर पहुंच गए हैं। कंपनी के शेयरों ने सोमवार को 52 हफ्ते का नया हाई बनाया है। अडानी पावर ने घोषणा की है कि अडानी एटॉमिक एनर्जी ने अपने पूर्ण मालिकाना हक वाली सहायक इकाई कोस्टल-महा एटॉमिक एनर्जी बनाई है, इसका मकसद न्यूक्लियर एनर्जी से जुड़ी अपनी महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाना है।
क्या होगा सहायक इकाई का कारोबार?
अडानी पावर (Adani Power) ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि उसके पूर्ण मालिकाना हक वाली सहायक इकाई अडानी एटॉमिक एनर्जी (AAEL) ने 13 अप्रैल को नई इकाई कोस्टल-महा एटॉमिक एनर्जी लिमिटेड (CMAEL) बनाई है और इसे 18 अप्रैल को सर्टिफिकेट ऑफ इनकॉरपोरेशन मिल गया है। यह कंपनी न्यूक्लियर या एटॉमिक एनर्जी से मिलने वाले पावर के जेनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़ी है। कोस्टल-महा एटॉमिक एनर्जी लिमिटेड (CMAEL) को 5 लाख रुपये की अर्थोराइज्ड कैपिटल के साथ शुरू किया गया है, जिसे 10 रुपये वैल्यू वाले 50,000 इक्विटी शेयरों में डिवाइड किया गया है। इससे पहले, फरवरी में अडानी पावर ने अडानी एटॉमिक एनर्जी शुरू करने की घोषणा की थी। यह बात इकनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट में कही गई है।
100% से ज्यादा उछल गए हैं अडानी पावर के शेयर
अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी पावर (Adani Power) के शेयर अपने 52 हफ्ते के निचले स्तर से 100 पर्सेंट से ज्यादा चढ़ गए हैं। अडानी पावर के शेयर 9 मई 2025 को अपने 52 हफ्ते के निचले स्तर 101.06 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर इस लेवल से 100 पर्सेंट से ज्यादा उछल गए हैं। अडानी पावर के शेयर 20 अप्रैल 2026 को 207.40 रुपये पर पहुंच गए हैं। पिछले 5 दिन में अडानी पावर के शेयरों में 17 पर्सेंट से ज्यादा का उछाल आया है। वहीं, पिछले एक महीने में अडानी ग्रुप की पावर कंपनी के शेयरों में 35 पर्सेंट से ज्यादा की तेजी देखने को मिली है।
1050% से अधिक चढ़ गए हैं अडानी पावर के शेयर
अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी पावर के शेयर पिछले 5 साल में 1050 पर्सेंट से ज्यादा उछल गए हैं। अडानी पावर के शेयर 23 अप्रैल 2021 को 17.56 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 20 अप्रैल 2026 को 207.40 रुपये पर जा पहुंचे हैं। पिछले 4 साल में अडानी पावर के शेयरों में 290 पर्सेंट से अधिक की तेजी आई है। अगर पिछले 3 साल की बात करें तो कंपनी के शेयर 410 पर्सेंट से ज्यादा उछल गए हैं। दो साल में कंपनी के शेयरों में 70 पर्सेंट से ज्यादा तेजी आई है।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ
हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी
दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल
प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी
विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।
पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है।
वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर
चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद
विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग,
ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते
हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।


