
40% उछलेगा अडानी का यह शेयर, कंपनी के परफॉर्मेंस से ब्रोकरेज गदगद
अडानी ग्रीन एनर्जी ने बताया कि चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में उसका नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 28 प्रतिशत बढ़कर 644 करोड़ रुपये हो गया। इससे पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की जुलाई-सितंबर अवधि में कंपनी ने 515 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था।
Adani Green Energy share: गौतम अडानी समूह की कंपनी अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के शेयर में भले ही सुस्ती हो लेकिन इसमें तेजी को लेकर घरेलू ब्रोकरेज फर्मों का भरोसा कायम है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि यह शेयर 40 पर्सेंट तक उछलेगा। बता दें कि वर्तमान में अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयर की कीमत 1060 रुपये पर है। वहीं, शेयर के 52 हफ्ते का हाई 1,731.95 रुपये जबकि 52 हफ्ते का लो 758 रुपये है।

क्या कहना है ब्रोकरेज का?
विश्लेषकों का मानना है कि कंपनी के शेयरों में 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की संभावना है। कंपनी की मजबूत वित्तीय स्थिति, बेहतर परिचालन प्रदर्शन, आक्रामक विस्तार योजनाएं इसके लॉन्ग टर्म ग्रोथ आउटलुक को मजबूती देती हैं। ब्रोकरेज Emkay ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज के मुताबिक कंपनी का 30 GW लक्ष्य FY30 तक हासिल करने का ट्रैक बरकरार है। ब्रोकरेज ने कंपनी पर ‘खरीद’ रेटिंग बनाए रखते हुए ₹1500 का टारगेट प्राइस तय किया है।
वहीं, Asit सी मेहता इन्वेस्टमेंट (ACMIIL) ने भी अडानी ग्रीन को लेकर सकारात्मक रुख जताया है। फर्म का कहना है कि कंपनी भारत के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में अग्रणी है, जिसके पास 16.6 GW की परिचालन क्षमता और 34 GW से अधिक की मजबूत परियोजना पाइपलाइन है। अनुमान है कि FY25-FY27 के दौरान कंपनी का राजस्व 16.2 प्रतिशत की CAGR से बढ़ेगा। ब्रोकरेज ने शेयर का टारगेट प्राइस ₹1388 रखा है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे?
अडानी ग्रीन एनर्जी ने बताया कि चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में उसका नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 28 प्रतिशत बढ़कर 644 करोड़ रुपये हो गया। इससे पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की जुलाई-सितंबर अवधि में कंपनी ने 515 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था। इस अवधि के दौरान बिजली आपूर्ति से कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर 2,308 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,776 करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान कुल आय सालाना आधार पर 3,396 करोड़ रुपये से घटकर 3,249 करोड़ रुपये रह गई। कुल खर्च 2,874 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 की दूसरी तिमाही में यह आंकड़ा 2,857 करोड़ रुपये था।





