
₹187 तक जा सकता है अडानी का यह शेयर, ब्रोकरेज ने कहा- मजबूत है कंपनी का आउटलुक
Adani power share target price: आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने शेयर का टारगेट प्राइस रिवाइज कर दिया है। ब्रोकरेज ने टारगेट प्राइस को 134 रुपये से बढ़ाकर 187 रुपये कर दिया है। बता दें कि अभी शेयर की कीमत 157.90 रुपये है।
Adani power share target price: गौतम अडानी समूह की कंपनी अडानी पावर के शेयर शुक्रवार को बिकवाली मोड में थे लेकिन इसको लेकर ब्रोकरेज बुलिश हैं। दरअसल, आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने शेयर का टारगेट प्राइस रिवाइज कर दिया है। ब्रोकरेज ने टारगेट प्राइस को 134 रुपये से बढ़ाकर 187 रुपये कर दिया है। बता दें कि अभी शेयर की कीमत 157.90 रुपये है। यह शुक्रवार को एक दिन पहले के मुकाबले 2.83% टूटकर बंद हुआ। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 182.75 रुपये है। वहीं, 52 हफ्ते का लो 86.17 रुपये है।

ब्रोकरेज का अनुमान
आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने कहा कि आकर्षक टैरिफ पर बिजली खरीद समझौते (पीपीए) हुए हैं और कोयला पीपीए का आउटलुक मजबूत बना हुआ है। ब्रोकरेज के मुताबिक अडानी पावर ने अपनी निर्माणाधीन क्षमता को दोगुना (25 गीगावाट बनाम पहले 12 गीगावाट) बढ़ा दिया है। इसने आकर्षक टैरिफ पर 11 गीगावाट (असम में 2.4 गीगावाट की पहली बिजली खरीद परियोजना सहित) का बिजली खरीद समझौता किया है।
इसके अलावा, यह अपने प्रतिस्पर्धियों से आगे है क्योंकि इसने अपने पूरे निर्माणाधीन पोर्टफोलियो के लिए बीटीजी ऑर्डर पहले ही दे दिए हैं। हमें उम्मीद है कि शेष पोर्टफोलियो का एक बड़ा हिस्सा अगले 12-18 महीनों में दीर्घकालिक पीपीए के तहत तय हो जाएगा। तिमाही के दौरान, अडानी पावर ने 24 यूनिट बिजली बेची, जो साल-दर-साल 7 प्रतिशत अधिक है। तिमाही में व्यापारिक प्राप्ति साल-दर-साल 9 प्रतिशत कम रही। आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने कहा कि भारत में बिजली की मांग में लगातार मजबूत वृद्धि देखी जा रही है और अगले कुछ वर्षों में आधार और अधिकतम मांग, दोनों में सालाना लगभग 6 प्रतिशत की वृद्धि होने की उम्मीद है।
अडानी पावर का मुनाफा
वित्त वर्ष 2025-26 की जुलाई-सितंबर तिमाही में अडानी पावर का नेट प्रॉफिट 12 प्रतिशत घटकर 2,906 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 3,297.52 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। हालांकि, चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 14,307.79 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 14,062.84 करोड़ रुपये थी। इस दौरान कंपनी का कुल व्यय भी बढ़कर 10,341.59 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 9,928.76 करोड़ रुपये था।





