
45% उछल सकता है अडानी का यह शेयर, निवेशकों में खरीदने की होड़
विदेशी ब्रोकरेज जेफरीज ने अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर पर 'खरीदें' रेटिंग जारी की है। इसके साथ ही एक नया टारगेट प्राइस दिया है। जेफरीज के मुताबिक अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर का टारगेट प्राइस 3,200 रुपये तय किया गया है।
Adani enterprises share: बीते शुक्रवार को गौतम अडानी समूह की कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर को खरीदने की होड़ सी मच गई। इस शेयर को लेकर ब्रोकरेज भी बुलिश हैं। विदेशी ब्रोकरेज जेफरीज ने अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर पर 'खरीदें' रेटिंग जारी की है। इसके साथ ही एक नया टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि अडानी एंटरप्राइजेज न्यू एनर्जी, एयरपोर्ट्स, डेटा सेंटर्स और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्रों में कई वर्षों तक चलने वाले विस्तार चक्र के दौर से गुजर रही है।
क्या है टारगेट प्राइस?
जेफरीज के मुताबिक अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर का टारगेट प्राइस 3,200 रुपये तय किया गया है। यह लक्ष्य अभी की कीमत से लगभग 45% के उछाल के संकेत देता है। बता दें कि इस ब्रोकरेज फर्म ने पांच शेयरों को 'खरीदें' रेटिंग दी है। इसमें से एक अडानी एंटरप्राइजेज को शामिल किया है। वर्तमान में अडानी की लीडिंग कंपनी के शेयर की कीमत 2265 रुपये है। सितंबर 2025 में शेयर की कीमत 2,611.46 रुपये तक गई थी। मार्च 2025 में शेयर 1,964.07 रुपये पर था।
10 दिसंबर को बंद होगा राइट इश्यू
अडानी एंटरप्राइजेज ने राइट इश्यू में से एक को सब्सक्रिप्शन के लिए खोला। इसमें एक शेयर की कीमत 1800 रुपये रखी गई है, जो मंजूरी तारीख के भाव से करीब 24 प्रतिशत कम है। कंपनी के राइट इश्यू दस्तावेज के अनुसार पूरी तरह भरने पर इश्यू का कुल आकार 24,930.30 करोड़ रुपये होगा। इसमें 13.85 करोड़ से अधिक नए शेयर जारी किए जाएंगे। इश्यू 10 दिसंबर को बंद होगा। राइट इश्यू कंपनी द्वारा अपने मौजूदा शेयरधारकों को नए शेयर जारी करने की एक प्रक्रिया है, जिसमें कंपनी उन्हें यह अधिकार देती है कि वे अपने मौजूदा शेयरों के अनुपात में नए शेयर खरीद सकते हैं। इस इश्यू में हर 25 इक्विटी शेयरों पर 3 राइट इक्विटी शेयर दिए जा रहे हैं।
अडानी एंटरप्राइजेज का अधिग्रहण
हाल ही में अडानी एंटरप्राइजेज की ज्वाइंट वेंचर इकाई ने ट्रेड कॉसल टेक पार्क प्राइवेट लिमिटेड (टीसीटीपीपीएल) की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी का 231.43 करोड़ रुपये में अधिग्रहण किया है। अडानी एंटरप्राइजेज और अमेरिकी डेटा सेंटर ऑपरेटर एजकनेक्स के ज्वाइंट वेंचर अडानीकनेक्स (एसीएक्स) ने 21 नवंबर, 2025 को टीसीटीपीपीएल और उसके मौजूदा शेयरधारकों श्री नमन डेवलपर्स और जयेश शाह के साथ शेयर खरीद समझौता किया था।





