4 दिन में 600 रुपये से ज्यादा टूटा टाटा का यह शेयर, रेखा झुनझुनवाला के 2800 करोड़ रुपये डूबे
मुख्य बातें
- टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी टाइटन के शेयर 4 दिन में 613 रुपसे ज्यादा टूट गए हैं
- टाइटन के शेयरों में आई तेज गिरावट से दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला की नेटवर्थ चार दिन में 2800 करोड़ रुपये से ज्यादा घट गई है

टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी टाइटन के शेयर पिछले कुछ दिन से दबाव में हैं। टाटा ग्रुप की ज्वैलरी कंपनी टाइटन के शेयर बुधवार को BSE में गिरावट के साथ 3987.55 रुपये पर पहुंच गए हैं। पिछले 4 दिन में टाइटन के शेयरों में तेज गिरावट आई है। कंपनी के शेयर 4 दिन में 613.55 रुपये टूट गए हैं। टाइटन कंपनी के शेयर 8 मई 2026 को 4601.10 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 13 मई 2026 को 3987.55 रुपये पर जा पहुंचे हैं। टाइटन के शेयरों में आई इस तेज गिरावट से दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला की नेटवर्थ चार दिन में ही 2800 करोड़ रुपये से ज्यादा घट गई है।
4 दिन में 2800 करोड़ रुपये से ज्यादा घटी दौलत
दिग्गज इनवेस्टर रेखा झुनझुनवाला का टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन पर बड़ा दांव है। रेखा झुनझुनवाला के पास टाइटन कंपनी के 4,71,84,470 शेयर हैं। कंपनी में उनकी हिस्सेदारी 5.31 पर्सेंट है। चार दिन में टाइटन के शेयरों में 613.55 रुपये की गिरावट आने से रेखा झुनझुनवाला की नेटवर्थ 2895 करोड़ रुपये घट गई है। रेखा झुनझुनवाला, शेयर मार्केट के 'बिग बुल' कहे जाने वाले राकेश झुनझुनवाला की पत्नी हैं। राकेश झुनझुनवाला का 14 अगस्त 2022 को निधन हो गया था।
चौथी तिमाही में टाइटन को 1179 करोड़ रुपये का मुनाफा
टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन को 31 मार्च 2026 को खत्म हुई चौथी तिमाही में 1179 करोड़ रुपये का कंसॉलिडेटेड मुनाफा हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में टाइटन को 871 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था। कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 35 पर्सेंट बढ़ा है। चौथी तिमाही में टाइटन की टोटल इनकम सालाना आधार पर 46 पर्सेंट बढ़कर 20,300 करोड़ रुपये रही है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी की टोटल इनकम 13,891 करोड़ रुपये थी। टाइटन के बोर्ड ने शेयरधारकों को डिविडेंड का भी तोहफा दिया है। कंपनी ने हर शेयर पर 15 रुपये का डिविडेंड रिकमंड किया है।
बोनस शेयर भी दे चुकी है कंपनी
टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर का तोहफा भी दे चुकी है। कंपनी ने जून 2011 में अपने निवेशकों को 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 1 बोनस शेयर बांटा। टाइटन अपने शेयर का भी बंटवारा कर चुकी है। टाइटन ने जून 2011 में अपने शेयर को 10 टुकड़ों में बांटा है। कंपनी ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर को 1-1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में बांटा है। मार्च 2026 तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, कंपनी में प्रमोटर की हिस्सेदारी 52.90 पर्सेंट है, जबकि पब्लिक शेयरहोल्डिंग 47.02 पर्सेंट है।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ
हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी
दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल
प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी
विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।
पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है।
वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर
चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद
विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग,
ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते
हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।


