
8वें वेतन आयोग के लागू होने तक DA का क्या? केंद्रीय कर्मचारियों के लिए है अच्छी खबर
आमतौर पर हर 10 वर्ष के अंतराल पर केंद्रीय कर्मचारियों के लिए वेतन आयोग की सिफारिशें लागू की जाती हैं। इस परिपाटी को देखते हुए आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों के भी जनवरी, 2026 से लागू किए जाने की संभावना है।
8th Pay Commission latest news: वैसे तो आठवें वेतन आयोग का गठन हो गया है लेकिन इसकी सिफारिशें लागू होने मे करीब डेढ़ साल लगेंगे। यह संभव है कि ये सिफारिशें एक जनवरी 2026 से ही लागू हों लेकिन अभी इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में केंद्रीय कर्मचारियों के मन में कई तरह के सवाल चल रहे हैं। इनमें से एक बड़ा सवाल ये है कि क्या सरकार नए साल की पहली छमाही के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी करेगी या नहीं।
8वें वेतन आयोग के लागू होने तक महंगाई भत्ते का क्या होगा?
जानकारों की मानें तो 8वें वेतन आयोग के लागू होने तक महंगाई भत्ते की गणना मूल वेतन के प्रतिशत के रूप में की जाएगी और इसे जनवरी और जुलाई में साल में दो बार संशोधित किया जाएगा। क्लियर टैक्स की टैक्स एक्सपर्ट सीए चांदनी आनंदन के अनुसार, "8वें वेतन आयोग के लागू होने तक, महंगाई भत्ते की गणना मूल वेतन के प्रतिशत के रूप में की जाती रहेगी। इस प्रतिशत को साल में दो बार, जनवरी और जुलाई में, नवीनतम आर्थिक संकेतकों, विशेष रूप से मुद्रास्फीति के आधार पर संशोधित किया जाता है।"
8वें वेतन आयोग के लागू होने के बाद महंगाई भत्ते का क्या होगा?
जानकारों की मानें तो 8वां वेतन आयोग मौजूदा महंगाई भत्ते को मूल वेतन में मिलाकर एक नया वेतन ढांचा तैयार करेगा। तब तक, मौजूदा महंगाई भत्ते की गणना यथावत रहेगी। आनंदन के अनुसार, "आठवें वेतन आयोग के लागू होने के बाद मौजूदा महंगाई भत्ते को मूल वेतन में मिला दिया जाएगा, जिससे एक नया वेतन ढांचा तैयार होगा। इसका मतलब है कि महंगाई भत्ता, जो वर्तमान में एक अलग भत्ते के रूप में मौजूद है, कर्मचारी के मूल वेतन का हिस्सा बन जाएगा। बता दें कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिवाली से पहले केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) में 3% की वृद्धि को मंजूरी दी थी। जुलाई से दिसंबर तक के लिए लागू यह बढ़ोतरी सातवें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों पर आधारित है।
कब से लागू होंगी सिफारिशें?
आमतौर पर हर 10 वर्ष के अंतराल पर केंद्रीय कर्मचारियों के लिए वेतन आयोग की सिफारिशें लागू की जाती हैं। इस परिपाटी को देखते हुए आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों के भी जनवरी, 2026 से लागू किए जाने की संभावना है। आठवां वेतन आयोग केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन, भत्तों और सेवा-शर्तों में बदलाव की सिफारिश करेगा। इसमें रक्षा सेवाओं के कर्मचारी और पेंशनभोगी भी शामिल होंगे।





