8वें वेतन आयोग में नौकरी का सुनहरा मौका! ₹1.80 लाख तक मिलेगी सैलरी, 31 अगस्त तक करें आवेदन
मुख्य बातें
- 8वें केंद्रीय वेतन आयोग ने सीनियर कंसल्टेंट, कंसल्टेंट और यंग प्रोफेशनल के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं
- चयनित उम्मीदवारों को ₹90,000 से ₹1.80 लाख प्रति माह तक सैलरी मिलेगी
- आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त है और आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे

अगर आप सरकारी नीतियों, वेतन संरचना, कानून, फाइनेंस, डेटा एनालिसिस या मानव संसाधन (HR) सेक्टर में अनुभव रखते हैं, तो आपके लिए शानदार अवसर है। 8वें केंद्रीय वेतन आयोग (8th Central Pay Commission) ने विभिन्न पदों पर कंसल्टेंट भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। सबसे खास बात यह है कि इन पदों पर हर महीने ₹1.80 लाख तक की सैलरी दी जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार 31 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आयोग ने साफ कर दिया है कि केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे, ऑफलाइन या डाक से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।
दरअसल, 8वें वेतन आयोग का गठन केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के वेतन, भत्तों और पेंशन व्यवस्था की समीक्षा करने और नई सिफारिशें तैयार करने के लिए किया गया है। आयोग अभी विभिन्न कर्मचारी संगठनों, मंत्रालयों और एक्सपर्ट से सुझाव जुटा रहा है। इसी प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए एक्सपर्ट की नियुक्ति की जा रही है।
आयोग ने तीन कैटेगिरी में निकाली भर्ती
आयोग ने तीन कैटेगिरी में भर्ती निकाली है, जिनमें सीनियर कंसल्टेंट, कंसल्टेंट और यंग प्रोफेशनल शामिल हैं। इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों को वेतन और भत्तों का विश्लेषण, पेंशन से जुड़े मामलों की समीक्षा, सरकारी विभागों से डेटा जुटाना, कानूनी शोध करना, विभिन्न रिपोर्ट तैयार करना और आयोग को आर्थिक प्रभाव का आकलन करने में मदद करनी होगी। इसके अलावा कर्मचारियों और संगठनों से मिलने वाले ज्ञापनों और सुझावों का विश्लेषण भी इन्हीं एक्सपर्ट की जिम्मेदारी होगी।
उम्मीदवारों की योग्यता
योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार के पास फाइनेंस, ह्यूमन रिसोर्स, इंडस्ट्रियल रिलेशंस या संबंधित विषय में मास्टर डिग्री या MBA होना चाहिए। वहीं, कानून से जुड़े पदों के लिए LLB डिग्री, बार काउंसिल में पंजीकरण और कानूनी शोध या सेवा मामलों का अनुभव जरूरी है। इसके अलावा सभी आवेदकों को MS Excel, स्प्रेडशीट और प्रेजेंटेशन टूल्स का अच्छा ज्ञान होना चाहिए, जिन उम्मीदवारों को वेतन संरचना, सरकारी स्थापना (Establishment), मुआवजा (Compensation) या HR से जुड़े मामलों का अनुभव होगा, उन्हें प्राथमिकता मिलेगी।
सैलरी की बात करें तो यह भर्ती कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर होगी। सीनियर कंसल्टेंट को फुल-टाइम काम करने पर ₹1.80 लाख प्रति माह, कंसल्टेंट को ₹1.20 लाख प्रति माह और यंग प्रोफेशनल को ₹90,000 प्रति माह तक का मानदेय मिलेगा। वहीं, पार्ट-टाइम विकल्प भी उपलब्ध हैं। 12 दिन प्रति माह काम करने पर सीनियर कंसल्टेंट को ₹90,000, कंसल्टेंट को ₹60,000 और यंग प्रोफेशनल को ₹45,000 मिलेंगे। 6 दिन के पार्ट-टाइम कार्य के लिए यह राशि क्रमशः ₹45,000, ₹30,000 और ₹22,500 होगी। इन भुगतानों पर लागू आयकर और अन्य वैधानिक कटौतियां की जाएंगी।
यह नियुक्ति शुरुआती तौर पर एक वर्ष के लिए होगी या फिर आयोग का कार्यकाल समाप्त होने तक, जो भी पहले हो। अगर उम्मीदवार का प्रदर्शन संतोषजनक रहता है, तो अनुबंध बढ़ाया भी जा सकता है। अगर आप इस अवसर का लाभ उठाना चाहते हैं, तो 31 अगस्त से पहले 8वें केंद्रीय वेतन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ध्यान रखें कि अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए आवेदन समय रहते पूरा कर लें।
यह भर्ती उन पेशेवरों के लिए बेहतरीन मौका है, जो नीति निर्माण, वेतन सुधार और सरकारी प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में योगदान देना चाहते हैं। अच्छी सैलरी, प्रतिष्ठित जिम्मेदारी और राष्ट्रीय स्तर पर काम करने का अवसर इस भर्ती को बेहद आकर्षक बनाता है।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


