8th Pay Commission: आज पुडुचेरी में 8वें वेतन आयोग की बड़ी बैठक, DA, पेंशन और सैलरी हाइक पर होगी चर्चा

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • 8वें वेतन आयोग की पुडुचेरी में होने वाली बैठकों पर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजर है
  • आयोग आज 9 सितंबर (बुधवार) को पुडुचेरी में प्रतिनिधि संगठनों के साथ बैठक करने जा रहा है
  • इसमें फिटमेंट फैक्टर, बेसिक पे, DA, HRA, ट्रांसपोर्ट अलाउंस, पेंशन रिफॉर्म जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है

8th pay commission
आज पुडुचेरी में होगी 8वें वेतन आयोग की बड़ी बैठक।

केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) की बैठकें इस समय काफी अहम मानी जा रही हैं। आयोग ने तमिलनाडु में अपना दो दिवसीय राज्य दौरा शुरू किया है। चेन्नई में 7 और 8 सितंबर को कर्मचारी संगठनों, यूनियनों, पेंशनर्स एसोसिएशन और अन्य प्रतिनिधि समूहों के साथ बैठकें हो रही हैं। इसके बाद आयोग 9 सितंबर को पुडुचेरी पहुंचेगा, जहां केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा। हालांकि, आयोग ने इन बैठकों का कोई आधिकारिक एजेंडा जारी नहीं किया है, लेकिन अलग-अलग कर्मचारी संगठनों की ओर से जमा किए गए ज्ञापनों में उठाए गए मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

फिटमेंट फैक्टर होगा सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा

इन बैठकों में फिटमेंट फैक्टर में बदलाव सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में से एक हो सकता है। कर्मचारी संगठन लंबे समय से वेतन बढ़ाने के लिए बेहतर फिटमेंट फैक्टर की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा बेसिक पे के मौजूदा ढांचे में बदलाव, महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी और महंगाई तथा जीवन-यापन की बढ़ती लागत के हिसाब से वेतन संशोधन पर भी चर्चा संभव है। HRA और ट्रांसपोर्ट अलाउंस जैसे भत्तों की समीक्षा भी कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में शामिल है। इसका सीधा असर कर्मचारियों की कुल सैलरी पर पड़ सकता है।

पेंशन रिफॉर्म और रिटायरमेंट सिक्योरिटी का मुद्दा

पेंशनर्स के लिए पेंशन रिफॉर्म और रिटायरमेंट सिक्योरिटी भी अहम मुद्दा है। कर्मचारी और पेंशनर संगठन चाहते हैं कि वेतन आयोग की सिफारिशों में रिटायरमेंट के बाद आर्थिक सुरक्षा को पर्याप्त महत्व दिया जाए। इसके साथ ही एम्प्लॉई वेलफेयर, काम की परिस्थितियों, मनोबल और बेहतर सेवा शर्तों से जुड़े मुद्दे भी आयोग के सामने रखे जा सकते हैं। अलग-अलग क्षेत्रों के कर्मचारी, जिनमें रेलवे और रक्षा क्षेत्र से जुड़े कर्मचारी भी शामिल हैं, अपनी समस्याएं और सुझाव आयोग के सामने रखने की तैयारी में हैं।

1 करोड़ से ज्यादा कर्मचारियों को फायदा

8वें वेतन आयोग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं। आयोग में पूर्व IAS अधिकारी पंकज जैन सदस्य-सचिव और प्रोफेसर पुलक घोष सदस्य हैं। आयोग की सिफारिशों से करीब 1 करोड़ से ज्यादा कर्मचारियों और पेंशनर्स को फायदा होने की उम्मीद है, जिसमें लगभग 50 लाख केंद्रीय कर्मचारी और करीब 65 लाख पेंशनर्स शामिल हैं।

पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और चंडीगढ़ में होगी बैठक

तमिलनाडु और पुडुचेरी के बाद आयोग का अगला बड़ा पड़ाव चंडीगढ़ होगा, जहां 16 से 18 सितंबर तक पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के प्रतिनिधियों से मुलाकात प्रस्तावित है। इसके बाद 7 और 8 अक्टूबर को बेंगलुरु में कर्नाटक के प्रतिनिधियों से बैठक होनी है। मुंबई में भी रेलवे कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों को समझने के लिए दौरे की योजना है, हालांकि इसकी तारीख अभी घोषित नहीं हुई है।

रिपोर्ट देने के लिए 18 महीने का समय

8वें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को हुआ था और उसे अपनी रिपोर्ट देने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है, यानी आयोग को मई 2027 तक अपनी सिफारिशें सौंपनी हैं। इसके बाद सरकार के स्तर पर मंजूरी और लागू करने की प्रक्रिया होगी। ऐसे में चेन्नई और पुडुचेरी जैसी बैठकें कर्मचारियों और पेंशनर्स की मांगों को आयोग तक पहुंचाने और अंतिम सिफारिशों का आधार तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़आज पुडुचेरी में 8वें वेतन आयोग की बड़ी बैठक, DA, पेंशन और सैलरी पर होगी चर्चा