8वें वेतन आयोग पर जरूरी खबर, 16 मार्च तक केंद्रीय कर्मचारी कर लें ये काम
8th Pay Commission Update: केंद्र सरकार ने जनवरी 2025 में 8वें वेतन आयोग के गठन की घोषणा की थी। इसके बाद नवंबर 2025 में वित्त मंत्रालय ने इसे औपचारिक रूप से अधिसूचित किया। सातवें वेतन आयोग के कार्यकाल खत्म होने से करीब डेढ़ महीने पहले यह फैसला लिया गया।

8th Pay Commission Update: अगर आप केंद्रीय कर्मचारी हैं तो ये खबर आपके काम की है। दरअसल, बीते दिनों सरकार ने 8वें वेतन आयोग की वेबसाइट https://8cpc.gov.in/ को शुरू किया था। इस वेबसाइट के जरिए केंद्रीय कर्मचारी वेतन आयोग को सुझाव दे सकेंगे। सुझाव भेजने की अंतिम तारीख 16 मार्च तय की गई है। इस तारीख तक के सभी सुझाव पर वेतन आयोग विचार करेगा। हालांकि, यह सुझाव देना अनिवार्य नहीं है।
कौन-कौन दे सकता है सुझाव
वेबसाइट के मुताबिक वेतन आयोग को सुझाव देने के लिए मंत्रालयों और विभागों के कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा, केंद्र शासित प्रदेशों के कर्मचारी, न्यायिक अधिकारी, कोर्ट से जुड़े कर्मचारी, नियामक संस्थाओं के सदस्य, कर्मचारी यूनियन व एसोसिएशन को भी सुझाव देने का मौका मिलेगा। वहीं, पेंशनर्स, शोधकर्ता, शिक्षाविद और आम नागरिक भी वेबसाइट के जरिए सुझाव दे सकते हैं।
कैसे दे सकते हैं सुझाव
इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं https://www.mygov.in/mygov-survey/8th-central-pay-commission-questionnaire/ पर विजिट कर सुझाव दे सकते हैं। केवल MyGov पोर्टल के माध्यम से भेजे गए सुझाव ही मान्य होंगे। कहने का मतलब है कि कागजी, ई-मेल या PDF के जरिए भेजी गई प्रतिक्रियाओं पर विचार नहीं किया जाएगा। बता दें कि पोर्टल पर मोबाइल नंबर या ई-मेल से लॉगिन कर सकते हैं।
जनवरी 2025 में ऐलान
पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने जनवरी 2025 में 8वें वेतन आयोग के गठन की घोषणा की थी। इसके बाद नवंबर 2025 में वित्त मंत्रालय ने इसे औपचारिक रूप से अधिसूचित किया। सातवें वेतन आयोग के कार्यकाल खत्म होने से करीब डेढ़ महीने पहले यह फैसला लिया गया।
बता दें कि सरकार पहले ही आयोग के Terms of Reference (ToR) को मंजूरी दे चुकी है, जिसके तहत 8वें वेतन आयोग को 18 महीने के भीतर अपनी सिफारिशें सौंपनी हैं। इन सिफारिशों के आधार पर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की सैलरी, पेंशन और विभिन्न भत्तों में संशोधन किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें


