केंद्रीय कर्मचारियों के लिए जरूरी खबर, जनवरी 2026 से आएगा 8वें वेतन आयोग का बढ़ा हुआ पैसा!
8th Pay Commission: केंद्र सरकार के कर्मचारी और पेंशनभोगी एक बार फिर 8वें वेतन आयोग को लेकर उम्मीद और चिंता के बीच हैं। महंगाई लगातार बनी हुई है और घरेलू खर्च कम होने का नाम नहीं ले रहे, ऐसे में अगली सैलरी बढ़ोतरी से लोगों को बड़ी राहत की उम्मीद है।

8th Pay Commission: केंद्र सरकार के कर्मचारी और पेंशनभोगी एक बार फिर 8वें वेतन आयोग को लेकर उम्मीद और चिंता के बीच हैं। महंगाई लगातार बनी हुई है और घरेलू खर्च कम होने का नाम नहीं ले रहे, ऐसे में अगली सैलरी बढ़ोतरी से लोगों को बड़ी राहत की उम्मीद है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 8वें वेतन आयोग का एरियर 1 जनवरी 2026 से मिलेगा, या फिर कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी और बकाया रकम के लिए लंबा इंतजार करना पड़ेगा। फिलहाल सरकार की तरफ से इस तारीख पर कोई पक्की मुहर नहीं लगी है।
क्या है डिटेल
यह मुद्दा संसद के शीतकालीन सत्र में भी उठा। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि 8वें वेतन आयोग को लागू करने की तारीख सरकार “उचित समय पर” तय करेगी और सिफारिशें स्वीकार होने के बाद फंड का इंतजाम किया जाएगा। हालांकि इस जवाब से यह तो साफ हुआ कि सरकार वेतन आयोग लागू करने के मूड में है, लेकिन एरियर किस तारीख से मिलेगा, इस पर कोई सीधा जवाब नहीं दिया गया। इसी वजह से लाखों कर्मचारी और पेंशनर असमंजस में हैं।
टर्म्स ऑफ रेफरेंस की मंजूरी
सरकार ने नवंबर 2025 में 8वें वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस मंजूर किए हैं और उसे रिपोर्ट देने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। यानी रिपोर्ट 2027 के मध्य तक आने की उम्मीद है। इसके बाद सरकार को रिपोर्ट पर विचार, कैबिनेट की मंजूरी और नोटिफिकेशन में 3 से 6 महीने और लग सकते हैं। अगर यही टाइमलाइन रही, तो नई सैलरी का फायदा 2026 से काफी आगे खिसक सकता है, जिससे रिटायरमेंट के करीब पहुंचे कर्मचारियों की चिंता और बढ़ गई है।
हालांकि, पुराने वेतन आयोगों का इतिहास कर्मचारियों को थोड़ी राहत देता है। 7वां वेतन आयोग जून 2016 में लागू हुआ था, लेकिन एरियर 1 जनवरी 2016 से मिला था। इसी तरह 6वें और 5वें वेतन आयोग में भी देरी के बावजूद बकाया रकम पीछे की तारीख से दी गई थी। इसी आधार पर उम्मीद जताई जा रही है कि 8वें वेतन आयोग का एरियर भी 1 जनवरी 2026 से मिल सकता है। लेकिन जब तक सरकार आधिकारिक ऐलान नहीं करती, तब तक कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की नजरें हर नए अपडेट पर टिकी रहेंगी।
लेखक के बारे में
Varsha Pathakवर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
और पढ़ें

