8वें वेतन आयोग में केंद्रीय कर्मचारियों की कितनी बढ़ेगी सैलरी, DA पर क्या है अपडेट - जानिए

Feb 24, 2026 12:01 pm ISTVarsha Pathak लाइव हिन्दुस्तान
share

8th Pay Commission: वेतन आयोग को लेकर केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बीच चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, सरकार ने अभी तक आधिकारिक रूप से 8वें वेतन आयोग की घोषणा नहीं की है, लेकिन महंगाई भत्ते (DA) के ताजा आंकड़ों ने उम्मीदों को हवा दे दी है।

8वें वेतन आयोग में केंद्रीय कर्मचारियों की कितनी बढ़ेगी सैलरी, DA पर क्या है अपडेट - जानिए

8th Pay Commission: वेतन आयोग को लेकर केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बीच चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, सरकार ने अभी तक आधिकारिक रूप से 8वें वेतन आयोग की घोषणा नहीं की है, लेकिन महंगाई भत्ते (DA) के ताजा आंकड़ों ने उम्मीदों को हवा दे दी है। लेबर ब्यूरो के अनुसार दिसंबर 2025 में ऑल इंडिया CPI-IW इंडेक्स 148.2 अंक पर पहुंच गया है, जिससे जनवरी–जून 2026 के लिए 2% DA बढ़ोतरी लगभग तय मानी जा रही है। इस बढ़ोतरी के बाद 7वें वेतन आयोग के तहत कुल DA करीब 60.34% हो जाएगा, जिसे भुगतान के लिए 60% माना जाएगा। माना जा रहा है कि मार्च 2026 में केंद्रीय मंत्रिमंडल इस पर मुहर लगा सकता है।

क्या है डिटेल

दरअसल, हर वेतन आयोग की शुरुआत में मौजूदा बेसिक सैलरी को आधार (1) माना जाता है और उस पर साल-दर-साल DA जुड़ता रहता है ताकि महंगाई का असर संतुलित किया जा सके। 7वें वेतन आयोग के दौरान लगभग दस साल में DA बढ़कर 60% तक पहुंच गया है। आसान भाषा में समझें तो अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 100 थी, तो DA जोड़ने के बाद वह प्रभावी रूप से 160 के बराबर हो गई। यही वजह है कि 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 1.60 से कम होना गणितीय रूप से मुश्किल माना जा रहा है। इससे कम फैक्टर देने का मतलब होगा कि पिछले वर्षों की महंगाई की पूरी भरपाई नहीं हुई।

कर्मचारी संगठनों का तर्क

लेकिन 1.60 को सिर्फ शुरुआती आधार माना जा रहा है। कर्मचारी संगठनों का तर्क है कि कोविड-19 के दौरान 2020–21 में 18 महीनों तक तीन DA किस्तें फ्रीज कर दी गई थीं, जिन्हें बाद में जारी नहीं किया गया। अगर वे किस्तें समय पर मिलतीं तो आज DA 60% से काफी ज्यादा होता। यही कारण है कि यूनियनें 8वें वेतन आयोग में ज्यादा फिटमेंट फैक्टर की मांग कर रही हैं। उनका कहना है कि कर्मचारियों को उस अवधि का अप्रत्यक्ष नुकसान हुआ, जिसकी भरपाई नए वेतन ढांचे में की जानी चाहिए।

90% तक पहुंच सकता है DA

इसके अलावा, अगर 8वां वेतन आयोग जनवरी 2026 से प्रभावी माना भी जाए, तो पिछला अनुभव बताता है कि सिफारिशें लागू होने में करीब दो साल लग जाते हैं। इस दौरान DA लगातार बढ़ता रहता है। जनवरी 2026 के बाद कम से कम चार और DA बढ़ोतरी संभव हैं, जिससे कुल DA 80% से 90% तक पहुंच सकता है। ऐसी स्थिति में 1.8 या 1.9 का फिटमेंट फैक्टर ज्यादा व्यावहारिक माना जा रहा है। कुछ विशेषज्ञ तो 2.0 तक की संभावना भी जता रहे हैं, हालांकि अंतिम फैसला सरकार की वित्तीय स्थिति पर निर्भर करेगा।

पिछले वेतन आयोगों पर नजर डालें तो 6वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 1.92 था, जबकि 7वें वेतन आयोग में इसे 2.57 रखा गया था, जिससे न्यूनतम बेसिक वेतन 7,440 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये कर दिया गया। यही वजह है कि 8वें वेतन आयोग को लेकर भी कर्मचारियों की उम्मीदें ऊंची हैं। हालांकि अंतिम फिटमेंट फैक्टर तय करते समय सरकार को अपने वित्तीय बोझ, आर्थिक वृद्धि, महंगाई के रुझान और विभिन्न सेवाओं के बीच वेतन संतुलन जैसे पहलुओं पर भी विचार करना होगा। फिलहाल इतना तय है कि DA के मौजूदा आंकड़े 8वें वेतन आयोग की बहस को नई दिशा दे रहे हैं और आने वाले महीनों में यह मुद्दा और गर्मा सकता है।

Varsha Pathak

लेखक के बारे में

Varsha Pathak

वर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,