3 महीने का एरियर और डीए...अप्रैल में केंद्रीय कर्मचारियों को मिलेगा बड़ा तोहफा
अप्रैल के महीने में महंगाई भत्ता (DA) पर सरकार फैसला ले सकती है। अगर ऐसा हुआ तो केंद्रीय कर्मचारियों को ना सिर्फ बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता मिलेगा बल्कि तीन महीने का एरियर भी मिल जाएगा। आइए डिटेल में जान लेते हैं।

8th pay commission latest: केंद्रीय कर्मचारियों के लिए अप्रैल की सैलरी इस बार खास रहने वाली है। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि अप्रैल के महीने में महंगाई भत्ता (DA) पर सरकार फैसला ले सकती है। अगर ऐसा हुआ तो केंद्रीय कर्मचारियों को ना सिर्फ बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता मिलेगा बल्कि तीन महीने का एरियर भी मिल जाएगा।
महंगाई भत्ता कितना?
मौजूदा समय में केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA) 58% है और अब जनवरी से जून 2026 की छमाही के लिए एक और बढ़ोतरी की उम्मीद है। यह बढ़ोतरी 2 या 3 पर्सेंट की हो सकती है। अगर ऐसा हुआ तो केंद्रीय कर्मचारियों को 60 या 61 पर्सेंट का भत्ता मिल जाएगा। आमतौर पर सरकार होली के आसपास भत्ते पर फैसला ले लेती है लेकिन इस बार अब तक ऐलान नहीं हुआ है।
ऐसे में मार्च की सैलरी में बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता अब मुश्किल है। ऐसे में अब सरकार भत्ते पर फैसला लेगी तो अप्रैल की सैलरी में जुड़कर आने की संभावना है। कहने का मतलब है कि अप्रैल में सरकारी कर्मचारियों की सैलरी में सीधा इजाफा देखने को मिलेगा। इसके साथ ही एरियर का लाभ भी मिल सकता है। बता दें कि महंगाई भत्ता को साल में दो बार- जनवरी और जुलाई की छमाही में संशोधित किया जाता है। इस बढ़ोतरी का लाभ करीब 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनर्स को मिलेगा।
कैसे मिलेगा एरियर?
चूंकि महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का फैसला जनवरी 2026 से प्रभावी होगा तो ऐसे में कर्मचारियों को जनवरी, फरवरी और मार्च का एरियर भी मिल सकता है। यह एरियर एकमुश्त सैलरी के साथ मिलने की संभावना है।
आठवें वेतन आयोग में पहली बार ऐलान
बता दें कि आठवें वेतन आयोग के प्रभावी होने के साथ ही केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) का पहला ऐलान होने जा रहा है। 7वें वेतन आयोग का कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को समाप्त होने के बाद 1 जनवरी 2026 से आठवां वेतन आयोग लागू माना जा रहा है। हालांकि, आठवें वेतन आयोग की पूरी सिफारिशें अभी तैयार हो रही हैं और रिपोर्ट आने में समय लग सकता है। सरकार ने वेतन आयोग को 18 महीने का समय दिया है। मतलब ये कि 18 महीने में वेतन आयोग केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी समेत अन्य मुद्दों पर सिफारिश दे देगा।
इस बीच, महंगाई भत्ते की यह बढ़ोतरी महंगाई से राहत देने वाली साबित होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि 8वें आयोग लागू होने पर मौजूदा DA को नए बेसिक पे में मर्ज किया जाएगा और नई गणना शुरू होगी।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

