8वें वेतन आयोग की बैठकों का नया शेड्यूल जारी! जयपुर में होगी बड़ी बैठक, जानिए कब तक करना होगा आवेदन

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • 8वें वेतन आयोग ने 31 अगस्त और 1 सितंबर 2026 को जयपुर में केंद्रीय कर्मचारी संगठनों और पेंशनर्स के साथ बैठक करने का कार्यक्रम जारी किया है
  • जिन संगठनों ने ज्ञापन जमा किया है, लेकिन अभी तक आयोग से बातचीत नहीं की है, वे 18 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकते हैं
8th Pay Commission
8वें वेतन आयोग की बैठकों का नया शेड्यूल जारी।

8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है। आयोग ने अब राजस्थान की राजधानी जयपुर में कर्मचारी संगठनों, यूनियनों और पेंशनर एसोसिएशनों के साथ बैठक करने का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इन बैठकों में वे संगठन शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने आयोग को अपना ज्ञापन (Memorandum) पहले ही जमा कर दिया है, लेकिन अब तक आयोग के साथ सीधी बातचीत का मौका नहीं मिला है। आयोग ने साफ किया है कि इच्छुक संगठनों को तय समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करना होगा, तभी उन्हें बैठक में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

क्या है बैठकों का उद्देश्य?

आयोग की ओर से 3 अगस्त 2026 को जारी सूचना के अनुसार, 31 अगस्त (सोमवार) और 1 सितंबर (मंगलवार) 2026 को जयपुर में विभिन्न कर्मचारी और पेंशनर संगठनों के साथ चर्चा की जाएगी। इन बैठकों का उद्देश्य कर्मचारियों और पेंशनर्स की मांगों, वेतन ढांचे, भत्तों, पेंशन और अन्य सेवा संबंधी मुद्दों पर सीधे सुझाव लेना है, ताकि आयोग अपनी अंतिम सिफारिशें तैयार करते समय इन सुझावों पर विचार कर सके।

अंतिम तारीख 18 अगस्त 2026 तय

अगर किसी कर्मचारी संगठन, यूनियन या एसोसिएशन ने पहले ही अपना मेमोरेंडम आयोग को जमा कर दिया है, लेकिन अभी तक आयोग के साथ बातचीत नहीं हुई है, तो उन्हें आयोग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से बैठक के लिए अनुरोध भेजना होगा। इसके साथ उन्हें अपना Unique Memo ID भी देना होगा, जो ज्ञापन जमा करते समय जनरेट हुआ था। आयोग ने इस प्रक्रिया की अंतिम तारीख 18 अगस्त 2026 तय की है। इसके बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि बैठक का समय और स्थान (Venue) संबंधित संगठनों को ई-मेल के जरिए भेजा जाएगा। इसलिए आवेदन करते समय सही ई-मेल आईडी देना जरूरी होगा। आयोग ने यह भी दोहराया है कि हार्ड कॉपी या ई-मेल के जरिए भेजे गए दस्तावेज या आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। केवल आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जमा किए गए दस्तावेजों को ही मान्य माना जाएगा।

जयपुर के अलावा आयोग कहां करेगा चर्चा?

जयपुर के अलावा आयोग देश के अन्य शहरों में भी कर्मचारियों और पेंशनर्स से चर्चा करेगा। पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार 7 और 8 सितंबर 2026 को चेन्नई, 9 सितंबर को पुडुचेरी, जबकि 16 से 18 सितंबर 2026 तक चंडीगढ़ में बैठकें आयोजित की जाएंगी। इससे पहले अगस्त महीने में नई दिल्ली में भी आयोग कर्मचारी संगठनों और यूनियनों के साथ कई दौर की बैठकें कर चुका है। दिल्ली में 7 और 10 अगस्त को विभिन्न केंद्रीय कर्मचारी संगठनों के साथ बातचीत का कार्यक्रम रखा गया था।

इन बैठकों का उद्देश्य केवल सुझाव लेना नहीं है, बल्कि कर्मचारियों और पेंशनर्स की वास्तविक समस्याओं को समझना भी है। आयोग वेतन संरचना, महंगाई भत्ता (DA), हाउस रेंट अलाउंस (HRA), ट्रांसपोर्ट अलाउंस, पेंशन व्यवस्था, फिटमेंट फैक्टर और अन्य सेवा शर्तों से जुड़े मुद्दों पर विभिन्न संगठनों की राय सुन रहा है। यही सुझाव आगे चलकर आयोग की अंतिम रिपोर्ट का हिस्सा बन सकते हैं।

आयोग ने यह भी बताया है कि उसकी सिफारिशें केवल कर्मचारियों की मांगों के आधार पर नहीं होंगी, बल्कि कई महत्वपूर्ण आर्थिक पहलुओं को भी ध्यान में रखा जाएगा। इनमें देश की आर्थिक स्थिति, सरकारी वित्तीय अनुशासन (Fiscal Prudence), विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं के लिए उपलब्ध संसाधन, गैर-अंशदायी पेंशन योजनाओं का वित्तीय बोझ, राज्यों की वित्तीय स्थिति और केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों (CPSUs) तथा निजी क्षेत्र के वेतन ढांचे की तुलना जैसे कई बिंदु शामिल हैं।

यानी 8वां वेतन आयोग कर्मचारियों के हित और सरकार की आर्थिक क्षमता के बीच संतुलन बनाकर अपनी सिफारिशें तैयार करेगा। ऐसे में जयपुर समेत देशभर में होने वाली ये बैठकें केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए काफी अहम मानी जा रही हैं। यदि किसी संगठन ने अभी तक बातचीत के लिए आवेदन नहीं किया है, तो उसे 18 अगस्त 2026 से पहले ऑनलाइन अनुरोध भेजना होगा, ताकि आयोग के सामने अपनी मांगें सीधे रखी जा सकें।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।