DA Hike: 8वें वेतन आयोग से पहले DA में 3% का इजाफा तय, 63% होगा महंगाई भत्ता

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • DA Hike July: DA 60% पर पहुंच चुका है और 3% की बढ़ोतरी के बाद यह 63% हो जाएगा, जो कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है
  • जब तक नया सैलरी स्ट्रक्चर लागू नहीं होती, तब तक सभी DA रिवीजन मौजूदा 7वें वेतन आयोग के तहत ही होंगे
DA
केंद्रीय कर्मचारियों को 3% की बढ़ोतरी मिल सकती है, जिसके बाद DA 60% से बढ़कर 63% हो जाएगा।

केंद्र सरकार के एक करोड़ से अधिक कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए जुलाई 2026 में महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का रास्ता साफ हो गया है। लेबर ब्यूरो ने जून 2026 का CPI-IW डेटा जारी कर दिया है, जिसके बाद अब जुलाई में होने वाली DA रिवीजन की गणना पूरी हो चुकी है। लेटेस्ट आंकड़ों के अनुसार, केंद्रीय कर्मचारियों को 3% की बढ़ोतरी मिल सकती है, जिसके बाद DA 60% से बढ़कर 63% हो जाएगा।

8वें वेतन आयोग से पहले यह आखिरी बड़ी बढ़ोतरी?

जुलाई 2026 की यह DA रिवीजन 7वें वेतन आयोग के तहत आखिरी बड़ी बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि सरकार ने 8वें वेतन आयोग का गठन कर दिया है, लेकिन उसकी सिफारिशें आने में अभी समय है। जब तक नया सैलरी स्ट्रक्चर लागू नहीं होती, तब तक सभी DA रिवीजन मौजूदा 7वें वेतन आयोग के तहत ही होंगे।

कैसे हुई जुलाई DA की गणना

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले लेबर ब्यूरो ने जून 2026 का कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स (CPI-IW) जारी कर दिया है। यह आंकड़ा 151.9 दर्ज किया गया है, जो मई 2026 के 150.8 से अधिक है। जून महीने का यह डेटा जुलाई में होने वाली DA रिवीजन के लिए आखिरी कड़ी थी और अब सभी आवश्यक आंकड़े उपलब्ध हो चुके हैं।

कब मिलेगा डीए और एरियर

DA में यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी, लेकिन सरकार की ओर से आधिकारिक अधिसूचना केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद ही जारी की जाएगी। पिछले वर्षों में, जुलाई DA की घोषणा आमतौर पर सितंबर या अक्टूबर में की जाती रही है।

बता दें केंद्र सरकार साल में दो बार 1 जनवरी और 1 जुलाई को महंगाई भत्ते में संशोधन करती है। यह संशोधन 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत किया जाता है, जहां DA की गणना CPI-IW के 12 महीने के औसत के आधार पर होती है।

63.75% बना DA, लेकिन सरकार 63% ही देगी

CPI-IW डेटा और 7वें वेतन आयोग के कैलकुलेशन सिस्टम के अनुसार, महंगाई भत्ता लगभग 63.75% बन रहा है। हालांकि, सरकार की मौजूदा ट्रेंड के अनुसार, दशमलव के अंकों को नजरअंदाज कर दिया जाता है और भुगतान योग्य दर 63% होगी। यह वर्तमान 60% की तुलना में 3% अधिक है। गणना में 64% तक पहुंचने के लिए आवश्यक आंकड़े नहीं मिले हैं, इसलिए 4% की बढ़ोतरी की संभावना फिलहाल नहीं है।

अलग-अलग लेवल पर कितना फायदा?

अगर यह प्रस्ताव मंजूर होता है, तो DA में 3 प्रतिशत अंकों की बढ़ोतरी होगी। पेंशनर्स को भी यह लाभ डियरनेस रिलीफ (DR) के रूप में मिलेगा। विभिन्न वेतन स्तरों पर कर्मचारियों को होने वाले लाभ की गणना इस प्रकार है...

  • 18,000 रुपये मूल वेतन वाले कर्मचारी को प्रति माह लगभग 540 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।
  • 35,400 रुपये मूल वेतन वाले कर्मचारी को करीब 1,062 रुपये अतिरिक्त मिल सकते हैं।
  • 56,100 रुपये मूल वेतन वाले कर्मचारी को प्रति माह लगभग 1,683 रुपये अधिक मिलेंगे।

Disclaimer: यह जानकारी उपलब्ध आधिकारिक आंकड़ों और मौजूदा गणना पद्धति पर आधारित है। DA की अंतिम दर और अधिसूचना केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद ही आधिकारिक मानी जाएगी।

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।