
₹21000 निवेश पर ₹1.5 लाख रिटर्न, वित्त मंत्री ने किया प्रमोट? जान लीजिए पूरा सच
वीडियो में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सिर्फ 21,000 रुपये के निवेश पर एक महीने में 1.5 लाख रुपये कमाने वाली निवेश योजना का प्रचार करती नजर आ रही हैं। पीआईबी फैक्ट चेक टीम ने स्पष्ट किया है कि यह वीडियो फर्जी है और इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए तैयार किया गया है।
बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक निवेश योजना का प्रचार करती नजर आ रही हैं। अब पीआईबी फैक्ट चेक टीम ने स्पष्ट किया है कि यह वीडियो फर्जी है और इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के जरिए तैयार किया गया है।
क्या है वीडियो में?
दरअसल, वायरल हो रहे इस फर्जी वीडियो में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सिर्फ 21,000 रुपये के निवेश पर एक महीने में 1.5 लाख रुपये कमाने वाली निवेश योजना का प्रचार करती नजर आ रही हैं। इस पर फैक्ट चेक टीम ने कहा कि वित्त मंत्री और सरकार ने ऐसी किसी निवेश योजना की घोषणा या समर्थन नहीं किया है। इसके साथ ही लोगों को इस जालसाजी के झांसे में आने से बचने की सलाह दी गई है। इससे पहले भी पीआईबी फैक्ट चेक टीम ने फर्जी वीडियो पर स्पष्टीकरण जारी किया था।
पीआईबी के टिप्स
हालांकि, इस वीडियो को लेकर पीआईबी ने कुछ टिप्स भी दिए थे। पीआईबी ने कहा कि बहुत ज्यादा आकर्षक रिटर्न से सावधान रहें। हमेशा आधिकारिक सरकारी या वित्तीय संस्थान की वेबसाइटों के माध्यम से दावों की पुष्टि करें। वहीं, अज्ञात या संदिग्ध स्रोतों से लिंक पर क्लिक करने से बचें। इसके अलावा कभी भी असत्यापित प्लेटफॉर्म पर व्यक्तिगत या बैंकिंग विवरण साझा न करें। जिस प्लेटफॉर्म पर आप घोटाले वाले विज्ञापन या वीडियो देखते हैं, वहां उनकी रिपोर्ट करें।
एक अन्य पोस्ट में पीआईबी फैक्ट चेक टीम ने उस खबर की वास्तविकता के बारे में बताया है जिसमें कहा रहा था कि रिजर्व बैंक द्वारा नए नोट जारी किए जाएंगे। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा ₹5000 के नए नोट जारी किए जाएंगे। इस पर पीआईबी फैक्ट चेक टीम ने लिखा- यह दावा फर्जी है। आरबीआई द्वारा ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है। आधिकारिक वित्तीय जानकारी हेतु वेबसाइट https://rbi.org.in पर विजिट करें।





