36.87 लाख महिलाओं के खातों में 1,262.54 करोड़ रुपये ट्रांसफर
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को कहा कि ‘मावां-धीआं सतिकार योजना’ के तहत 36.87 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 1,262.54 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए जा रहे हैं। यह अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर की दूसरी किस्त है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को तीन महीने की राशि एक साथ मिल रही है।

दूसरी किस्त का भुगतान
श्री गोइंदवाल साहिब में आयोजित समागम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले 73.99 लाख महिलाओं को सम्मान राशि के तौर पर 2,562.33 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। आज की राशि को मिलाकर अब तक महिलाओं के बैंक खातों में कुल 3,824.87 करोड़ रुपये सीधे भेजे जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के तहत प्रत्येक महिला को तीन महीने की किस्त एक साथ मिल रही है। उनके अनुसार, पंजाब की करीब 97 फीसदी महिलाएं इस योजना का लाभ लेने के योग्य होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सम्मान योजना का लाभ एक करोड़ महिलाओं तक पहुंचाना है।
भगवंत मान ने कहा कि योजना के तहत कोई शर्त नहीं है। अगर एक ही परिवार में तीन महिलाएं पात्र हैं तो तीनों सम्मान राशि की हकदार होंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के पंजीकरण में 1.37 लाख ‘सतिकार सखियों’ ने योगदान दिया है और उन्हें प्रोत्साहन राशि के तौर पर अब तक 51 करोड़ रुपये से अधिक दिए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजीकरण में सहयोग कर रही आंगनवाड़ी वर्करों को भी 25 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों से लिए गए टैक्स का पैसा जनकल्याण पर खर्च कर रही है और विकास कार्यों, खेतों से जुड़े काम, सड़कों, पाइपलाइन बिछाने और रोजगार के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।
शिक्षा और अन्य योजनाएं
मुख्यमंत्री ने राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र के मूल्यांकन के अनुसार पंजाब स्कूली शिक्षा में 27वें स्थान से पहले स्थान पर आया है। उन्होंने स्मार्ट क्लासरूम स्थापित करने, अध्यापकों को प्रशिक्षण देने और गैर-अध्यापन अमले की भर्ती किए जाने की जानकारी दी।
भगवंत मान ने कहा कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए नीट की मुफ्त कोचिंग शुरू की गई है। उनके अनुसार, इस साल पंजाब के 882 विद्यार्थियों ने नीट पास किया, जबकि उनके पद संभालने के समय यह संख्या 80 थी।
उन्होंने कहा कि पंजाब के बच्चों को आईएएस और आईपीएस अधिकारी बनने की तैयारी में मदद के लिए यूपीएससी की तैयारी के नए केंद्र खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पात्र परिवारों को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने 1,080 करोड़ रुपये की लागत से गोइंदवाल साहिब थर्मल पावर प्लांट खरीदा है। किसानों को दिन के समय खेती के लिए बिजली और खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए 14,000 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने की बात भी उन्होंने कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कांग्रेस, भाजपा या अकाली दल सत्ता में आते हैं तो ‘मावां-धीआं सतिकार योजना’, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी जाएंगी।

