दिल्ली स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल, 40 से अधिक अधिकारियों का तबादला
दवा और चिकित्सा उपकरणों की खरीद व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए सीपीए का पुनर्गठन किया गया।
दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं की खरीद और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए केंद्रीय खरीद एजेंसी (सीपीए) में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को बताया कि सीपीए से जुड़े 40 से अधिक मेडिकल, पैरामेडिकल और प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्लीवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और स्वास्थ्य व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सरकार के अनुसार, इस प्रक्रिया के तहत सीपीए के हेड ऑफ ऑफिस डॉ. विनोद कुमार रंगा सहित 10 डॉक्टरों का स्थानांतरण किया गया है। वहीं 19 पैरामेडिकल कर्मचारियों, जिनमें फार्मासिस्ट, जूनियर मेडिकल लैब टेक्नीशियन, लैब अटेंडेंट और ड्राइवर शामिल हैं, को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
प्रशासनिक कार्यों में दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से सेक्शन ऑफिसर, सीनियर असिस्टेंट और जूनियर असिस्टेंट स्तर के 10 कर्मचारियों का भी तबादला किया गया है। साथ ही सीपीए में उपलब्ध मानव संसाधनों की समीक्षा कर उनकी तैनाती का पुनर्मूल्यांकन किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न अस्पतालों और संस्थानों से 12 चिकित्सा अधिकारियों को भी सीपीए में तैनात किया है। इनमें वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। सरकार का कहना है कि इससे दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की खरीद, भंडारण तथा आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि विभाग के विभिन्न प्रकोष्ठों जैसे प्रोजेक्ट ब्रांच, स्टोर एवं परचेज ब्रांच, कंप्यूटर सेल, मोबाइल हेल्थ स्कीम, आरटीआई, जन शिकायत निवारण और अस्पताल समन्वय से जुड़े कार्यों के लिए भी अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य विभाग की संस्थागत क्षमता को मजबूत करना और यह सुनिश्चित करना है कि दवाओं एवं चिकित्सा सामग्री की खरीद और आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो, जिससे दिल्लीवासियों को समयबद्ध और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
लेखक के बारे में
Dakshita Ojhaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


