सेवा-संकल्प अभियान की तैयारियों की सीएम यादव ने की समीक्षा, जनभागीदारी पर जोर

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा-संकल्प अभियान की समीक्षा की। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। दीप प्रज्ज्वलन से शुरू होने वाले इस अभियान में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम शामिल हैं।

Madhya Pradesh Chief Minister Mohan Yadav
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा-संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पहले से जिम्मेदारियां तय करने और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान में ग्राम और नगर स्तर पर अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।

दीप प्रज्ज्वलन से अभियान की शुरुआत

अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्ज्वलन से होगी। शाम 7 बजे उज्जैन के महाकाल महालोक समेत प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में एक साथ दीप जलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री उज्जैन के कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन का विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास करने को कहा। लाभार्थी परिवारों और संस्थाओं को भी कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।

इसी दिन सभी स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल कॉलेजों में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने रक्त संग्रह, परिवहन और भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि ‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत 19 से 26 सितंबर तक जिला स्तर और 4 व 5 अक्टूबर को राज्य स्तर पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत 19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक होंगे।

सेवा गतिविधियों और योजनाओं पर फोकस

‘आंगन मिलन सेवा’ 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक सभी आंगनवाड़ियों में आयोजित होगी। इसमें बच्चों और माताओं के लिए स्वल्पाहार, खेल एवं पठन सामग्री के साथ स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, एनीमिया और स्वच्छता की जानकारी दी जाएगी। ‘सेवा की कहानी’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें सरकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के संदेश जारी किए जाएंगे।

‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ 7 अक्टूबर को हर विधानसभा क्षेत्र में निकलेगी। ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु’ 2 से 10 अक्टूबर तक चलेंगे। सेवा सेतु शिविरों में पात्र हितग्राहियों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मौके पर दिया जाएगा। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, झाबुआ और अलीराजपुर में 9 और 10 अक्टूबर को मानव रंगोली बनाई जाएगी।

12 अक्टूबर को ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ में स्टार्टअप, इनोवेटर्स और इनक्यूबेटर्स भाग लेंगे। 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर ‘सुशासन सेवा संवाद’ होगा, जिसमें मध्यप्रदेश के पंच और सरपंच शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रतिभागियों के आवागमन, भोजन और अन्य व्यवस्थाएं बेहतर रखने तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

Dakshita Ojha

लेखक के बारे में

Dakshita Ojha

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsब्रांड स्टोरीज़ न्यूज़सेवा-संकल्प अभियान की तैयारियों की सीएम यादव ने की समीक्षा, जनभागीदारी पर जोर