फोटो गैलरी

Hindi News ओपिनियन विदेशी मीडियाश्रीलंका में चुनाव

श्रीलंका में चुनाव

श्रीलंका में फैसले का अहम दिन करीब आ चुका है। जोर-शोर से लडे़ जा रहे राष्ट्रपति चुनाव का प्रचार तो नामांकन वापसी के बाद से ही शुरू हो गया था। 16 नवंबर का मतदान होना है, उसके 48 घंटे पहले प्रचार थम...

श्रीलंका में चुनाव
डेली मिरर (श्रीलंका),नई दिल्ली।Thu, 14 Nov 2019 11:41 PM
ऐप पर पढ़ें

श्रीलंका में फैसले का अहम दिन करीब आ चुका है। जोर-शोर से लडे़ जा रहे राष्ट्रपति चुनाव का प्रचार तो नामांकन वापसी के बाद से ही शुरू हो गया था। 16 नवंबर का मतदान होना है, उसके 48 घंटे पहले प्रचार थम चुका है। श्रीलंका में रहने वाले 2.10 करोड़ लोगों में से 1.60 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें बड़ी संख्या उन युवाओं की है, जो पहली बार मतदान करने वाले हैं। ये मतदाता श्रीलंका के भविष्य का फैसला करेंगे। 50 प्रतिशत से एक वोट ज्यादा पाने वाला उम्मीदवार इस देश का सातवां राष्ट्रपति बन जाएगा। लगभग दो फूट लंबे बैलेट पेपर पर 35 उम्मीदवारों के नाम और चिह्न होंगे। कार्यकारी राष्ट्रपति व्यवस्था जब 1970 के दशक में लागू हुई थी, उसके बाद यह उम्मीदवारों की सर्वाधिक संख्या है। पिछले चुनाव में सिर्फ 19 प्रत्याशी मैदान में थे। लंबी सूची में अपनी पसंद के उम्मीदवार को खोजना इस बार एक चुनौती ही होगी। 

मतदाताओं को अच्छी तरह पता होना चाहिए कि वे कैसे अपना मूल्यवान वोट डालेंगे। उन्हें न्यायपालिका की मजबूती, निर्भय जीने की स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, कानून के शासन, मानवाधिकार, पारदर्शिता और जवाबदेही के पक्ष में वोट डालना चाहिए। एक ऐसे उम्मीदवार के पक्ष में वोट डालना चाहिए, जो भाई-भतीजावाद, धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार को खत्म करके लोकतंत्र को जीवंत बनाने के लिए काम करे। खास बात यह है कि इस बार हत्या या उपद्रव की एक भी घटना नहीं हुई है। सजावट, कट-आउट, पोस्टर और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले पॉलीथिन इस चुनाव से नदारद हैं। जब मातृभूमि निर्णायक मोड़ पर है, तब डब्ल्यू एस सेनियर की रचना द कॉल ऑफ लंका  की चंद पंक्तियों के मर्म को याद करना समीचीन होगा। ‘आने वाले दिनों में हम सबसे ज्यादा उस लंका के गीत गाएंगे, जब हम सब एक हो जाएंगे, संघर्ष थम जाएंगे। हम एक ही बिगुल पर बढ़ेंगे, हम एक ही ड्रम पर मार्च करेंगे।’ इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि राष्ट्रपति कौन बनेगा, लेकिन आइए, जाति, नस्ल और सामाजिक पहचान से परे एक महान और एकजुट श्रीलंका के निर्माण में सहयोग दें।

पाइए देश-दुनिया की हर खबर सबसे पहले www.livehindustan.com पर। लाइव हिन्दुस्तान से हिंदी समाचार अपने मोबाइल पर पाने के लिए डाउनलोड करें हमारा News App और रहें हर खबर से अपडेट।    

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें