फोटो गैलरी

Hindi News ओपिनियन नश्तरभ्रष्टाचार का भी कोई वैक्सीन नहीं

भ्रष्टाचार का भी कोई वैक्सीन नहीं

सब जानते हैं कि घरेलू कूड़ा-कबाड़ अगर पतिदेव की तरह सफाई के साथ सहेजकर रखा जाए, तो बदबू नहीं देता। इत्र बनाने वाले कारखाने के ईद-गिर्द वैसे भी बदबू का पता नहीं चलता। एक मित्र ने बताया था कि मुर्दा...

भ्रष्टाचार का भी कोई वैक्सीन नहीं
    उर्मिल कुमार थपलियालFri, 30 Oct 2020 11:25 PM
ऐप पर पढ़ें

सब जानते हैं कि घरेलू कूड़ा-कबाड़ अगर पतिदेव की तरह सफाई के साथ सहेजकर रखा जाए, तो बदबू नहीं देता। इत्र बनाने वाले कारखाने के ईद-गिर्द वैसे भी बदबू का पता नहीं चलता। एक मित्र ने बताया था कि मुर्दा फूलों में कायदे का इत्र छिड़कने से वह हमेशा तरोताजा बने रहते हैं। औरतों के लिए ब्यूटी पार्लर का आविष्कार इसी कारण हुआ था। घुटनों के दर्द की एक विशेषता यह भी होती है कि वह कभी सर में नहीं होता। दांत वाला दर्द कभी पेट में नहीं होता।  
यह सच है कि जयपुर की नाजुक जूतियां हल्की तो बहुत होती हैं, पर सर पर पड़ने लगें, तो उनकी पीड़ा जरा भी कम नहीं होती। कभी-कभी तो बातों-बातों में सर में जूतियां मारना बहुत आनंदकारी और सैडिस्ट लगने लगता है। राजनीति में एक-दूसरे पर जूतियां चलाना अब अनिवार्य हो गया है, इसका कोई बुरा नहीं मानता। जिस शहर में सब नकटे हों, तो कोई किसी को नकटा नहीं कहता।  
सिर्फ कबाड़ ही होता है, जहां आपको ऐन्टीक चीजें मिल सकती हैं। चालाक कबाड़ी तो अब अपने यहां लैला की सलवार, कमीज, अकबर और जहांगीर का पुराना टूटा हुआ घड़ा भी बेचने लगे हैं। अमेरिका अपना कबाड़ किसे नहीं बेचता? कूड़े के नाम पर तो अब नए चुटकुले भी बनने लगे हैं। उनमें एक पुराना और बासी चुटकुला यह है कि एक घर के आगे एक कबाड़ी पुकारने लगा कि घर में कोई कूड़ा-कबाड़ है, तो मुझे दे दो। पत्नी बाहर आईं, ‘ठहरो भैया। अभी-अभी उठे हैं। बाथरूम में हैं। कुछ देर बाद ले जाना’। कीचड़ भी तो एक तरह का कूड़ा ही है, जहां शतदलीय और बहुरंगी कमल खिलते हैं।
मजे की बात है कि मजबूर लोग उसी नदी के किनारे अपनी झोंपड़ी बनाते हैं, जो पिछली बार बाढ़ में उनकी झोंपड़ी बहा ले गई थी। कुछ लोगों का कहना है कि कोरोना हमारे देश में भ्रष्टाचार की तरह हो गया है, जो कभी खत्म नहीं होगा। आज के समय में जैसे महामारी कोरोना का कोई वैक्सीन मौजूद नहीं है, ठीक वैसे ही भ्रष्टाचार का भी कोई वैक्सीन नहीं होता।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें