फोटो गैलरी

Hindi News ओपिनियन नश्तररोशनी की खैरात और छलकते ज्योति कलश

रोशनी की खैरात और छलकते ज्योति कलश

तारे हैरत में हैं। ज्योति कलश छलक रहे हैं। रोशनी की खैरात बंट रही है। लोगबाग दोनों हाथों से बटोर रहे हैं। अंधेरा दीयों के तले दुबका बैठा है, जैसे कोई चोर पुलिस के संरक्षण में थाने में छिपा बैठा हो।...

रोशनी की खैरात और छलकते ज्योति कलश
उर्मिल कुमार थपलियालSat, 26 Oct 2019 01:00 AM
ऐप पर पढ़ें

तारे हैरत में हैं। ज्योति कलश छलक रहे हैं। रोशनी की खैरात बंट रही है। लोगबाग दोनों हाथों से बटोर रहे हैं। अंधेरा दीयों के तले दुबका बैठा है, जैसे कोई चोर पुलिस के संरक्षण में थाने में छिपा बैठा हो। दीपकों के बीच खड़ी मोमबत्तियां जैसे ट्रैफिक कंट्रोल कर रही हैं। हर आदमी बिजली का रंगीन लट्टू बना चमक-दमक रहा है। चेहरे पर बोनस मिलने की रौनक है। पटाखे सोहर गा रहे हैं। झालरें सामूहिक नृत्य कर रही हैं। मोमबत्तियां पिघल रही हैं, दीया आखिरी सांस तक रोशनी दे रहा है। कंटिया फंसाकर बिजली की चोरी हो रही है।

जो सुदामा जुआ नहीं खेलता, उसकी दिवाली भी नहीं होती। कृष्ण जी कब तक उसका घर भरें। इस बार शायद लक्ष्मी जी भर दें। अरमानों के झाड़ पर कौन नहीं चढ़ता! क्या पता, बिना टिकट खरीदे लॉटरी लग जाए! बस लक्ष्मी जी की कृपा चाहिए।

थानों की निगरानी में ताश के पत्तों की उठापटक जारी है। मधुशालाओं के चौक पर कोरस गाया जा रहा है- दिन में होली रात दिवाली, रोज मनाती मधुशाला।  मिठाई टूंगते हुए सिप ली जा रही है। मूर्ख परवाने और पतंगे शीशे में बंद रोशनी से सिर टकराकर झुलस रहे हैं। हेलमेट पहन लेते, तो ठीक था। जेबकतरे मन्नत मांग रहे हैं कि दोगुनी चौगुनी जेब कटे। भिखमंगे कह रहे हैं कि रुपया नहीं, डॉलर मिले। बाबू लोग रिश्वत के डबल रेट होने की प्रार्थना कर रहे हैं। दिवाली पर सबके अपने-अपने शुभ-लाभ होते हैं।

अंगद के पांव जैसी स्थिर दीये की लौ को तो देखिए। शुद्ध स्वदेशी दीये के आगे लट्टू और झालरें पाकिस्तानी पराजय जैसी दिख रही हैं। ज्योति के निर्झर कलकल निनाद कर रहे हैं। जुगनू की आभा से आंखें चौंधियाने लगी हैं। चौंधियाती आंखों से देश का विकास दिख नहीं रहा। विपक्ष तो सिर्फ धुआं छोड़ रहा है।

हे लक्ष्मी माता, इस बार उनके घर भी जाना, जिनके घर दरवाजे नहीं हैं। हम सब भी बिखरे हुए दीये हैं। हमें भी एक पंक्ति में रख देना मैया। सभी को शुभ-लाभ।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें