रिश्तों का खून

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

पुणे के युवा उद्यमी केतन अग्रवाल के साथ बेवफाई और कत्ल का जो जघन्य मामला सामने आया है, उसने सबको झकझोर कर रख दिया है। उनकी उम्र महज 25 वर्ष थी और वह बीते महीनों से अपनी शादी की तैयारी में लगे थे…

हिन्दुस्तान

पुणे के युवा उद्यमी केतन अग्रवाल के साथ बेवफाई और कत्ल का जो जघन्य मामला सामने आया है, उसने सबको झकझोर कर रख दिया है। उनकी उम्र महज 25 वर्ष थी और वह बीते महीनों से अपनी शादी की तैयारी में लगे थे, उनकी 20 वर्षीया मंगेतर भी तैयारियों का दिखावा कर रही थी। इस होने वाली दुल्हन ने बनते रिश्ते का ही नहीं, बल्कि होने वाले दूल्हे की जिंदगी का भी अंत कर दिया। किसी अवांछित या अप्रिय रिश्ते से बचने के दूसरे भी उपाय हो सकते हैं, पर सीधे हत्या कर देना सांविधानिक, सामाजिक और धार्मिक रूप से सरासर गलत है। यहां प्रेम विवाह नहीं, एक पारंपरिक विवाह की तैयारी थी, जहां सर्वाधिक दोष लड़की के अभिभावकों का है, जिन्होंने अपनी बेटी पर यह रिश्ता लादा। अभिभावक यदि सजग रहते, तो यह नौबत नहीं आती। बच्चे बुरी संगत में बिगड़ रहे हैं या अच्छी संगत में आगे बढ़ रहे हैं, क्या यह अभिभावकों की चिंता का विषय नहीं होना चाहिए? अपने बच्चों को पूरी आजादी दे रहे अभिभावकों को अपना थोड़ा-सा कीमती वक्त उन्हें जानने-समझने के लिए जरूर खर्च करना चाहिए।

ऐसे अपराधों के प्रति लोक ही नहीं, तंत्र को भी सजग होना पड़ेगा। बीते वर्ष के ही दो चर्चित मामले हैं। मेरठ के मर्चेंट नेवी अफसर सौरभ राजपूत को उसकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी ने बेरहमी से काटकर नीले ड्रम में चुनवा दिया, तो इंदौर के राजा रघुवंशी को उसकी नई-नवेली पत्नी मारने के लिए मेघालय ले गई। हमें गौर करना चाहिए कि क्या इन दो मामलों में न्याय का चक्र पूरा हो चुका है? क्या लोगों तक न्याय का संदेश स्पष्टता के साथ पहुंच चुका है? कहीं न कहीं, कानून ऐसे जघन्य अपराधों का मुंहतोड़ जवाब देने में चूक जा रहा है। जिस समाज में इंसाफ की आवाज पुरजोर सुनाई पड़ती है, उसी समाज में अपराधों पर अंकुश रहता है। अब सवाल खड़ा होता है कि पुणे के युवा उद्यमी केतन अग्रवाल को कब तक न्याय मिलेगा? कानून-व्यवस्था कब मिसाल पेश करेगी? हमें यह समझना होगा कि ऐसे अपराध होने से पूर्व कुछ संकेत अवश्य मिलते हैं, इन मामलों में भी कई संकेत स्पष्ट थे, पर परिवारों व समाजों में दिल की दूरियां बढ़ रही हैं और दिखावा तेजी से बढ़ रहा है। पुणे के इस मामले में भी सभी दिखावे में लगे थे। सगाई का जश्न था, फोटो शूट की वैश्विक योजनाएं थीं, फेरों की आलीशान तैयारियां थीं, लेकिन अंदर से सब कुछ खोखला साबित हुआ। दिखावे के ऐसे दर्पण में सभी को अपना चेहरा जरूर परखना चाहिए। हमारी खुद की हकीकत हमारे हाथों से कहीं फिसल तो नहीं गई है?

पति-पत्नी के बीच हिंसा के प्रति हमें ज्यादा मानवीय होना पड़ेगा। हालात और आंकड़े किसी भी संवेदनशील इंसान को रुला सकते हैं। ध्यान रहे, हर बार पत्नी ही बेवफा नहीं होती। आंकड़े बताते हैं, पति द्वारा पत्नी हत्या के प्रतिवर्ष करीब 7,000 मामले सामने आते हैं, जबकि पत्नी द्वारा पति की हत्या के करीब 300 मामले दर्ज होते हैं। अत: रिश्तों में बढ़ती बेवफाई को समग्रता में देखना पड़ेगा। आधुनिक समाज की एक बुनियाद है मुखरता, लेकिन मुखरता में ऐसी समझदारी होनी चाहिए कि हिंसा के लिए रत्ती भर भी जगह न बन पाए। जब कोई रिश्ता चलाने लायक न रहे, तो हिंसा करने से बेहतर है- फिर से अजनबी हो जाना। साहिर लुधियानवी के एक प्रसिद्ध फिल्मी गीत की पंक्तियां हैं– वो अफसाना जिसे अंजाम तक लाना न हो मुमकिन। उसे इक खूबसूरत मोड़ देकर छोड़ना अच्छा। वाकई, आज हमारे समाज में हर तरह की बदसूरती झेलती इंसानियत को खूबसूरत मोड़ों की तलाश है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan

हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। करीब एक सदी से यह अखबार हिंदी भाषी पाठकों की पसंद बना हुआ है। देश-दुनिया की Hindi News को पढ़ने के लिए यह अखबार लगातार पाठकों की पसंद बना हुआ है। इसके अतिरिक्त समकालीन मुद्दों पर त्वरित टिप्पणी, विद्वानों के विचार और साहित्यिक सामग्री को भी लोग पसंद करते रहे हैं। यहां आप ग्लोबल से लोकल तक के सभी समाचार एक ही स्थान पर पा सकते हैं। हिन्दुस्तान अखबार आपको उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, झारखंड, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों की खबरें प्रदान करता है। दक्षिण भारत के राज्यों की खबरें भी आप यहां पाते हैं।

इसके अतिरिक्त मनोरंजन, बिजनेस, राशिफल, करियर, ऑटो, गैजेट्स और प्रशासन से जुड़ी खबरें भी यहां आप पढ़ सकते हैं। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।