सियासी सरगर्मी

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

देश की राजनीति धीरे-धीरे आक्रामक होती जा रही है। मुख्य विपक्षी गठबंधन के नेताओं की दिल्ली में आयोजित बैठक इसी आक्रामकता की महत्वपूर्ण कड़ी है। विपक्षी दलों ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के स्थान पर कागजी मतपत्रों की …

सियासी सरगर्मी
संपादकीय

देश की राजनीति धीरे-धीरे आक्रामक होती जा रही है। मुख्य विपक्षी गठबंधन के नेताओं की दिल्ली में आयोजित बैठक इसी आक्रामकता की महत्वपूर्ण कड़ी है। विपक्षी दलों ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के स्थान पर कागजी मतपत्रों की मांग दोहरा दी है। विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री के प्रति जिस ढंग से अविश्वास व्यक्त किया है, उससे साफ अंदाजा हो जाता है कि आने वाले दिनों में राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ने वाली है। मुख्य विपक्षी गठबंधन ने पांच सूत्री कार्यक्रम की घोषणा की है, जिस पर विशेष रूप से सत्ताधारी गठबंधन को गौर करना चाहिए। ‘इंडिया’ ब्लॉक के लगभग सभी दल बैठक में आए और सबने एकजुट होकर लड़ने का फैसला सुनाया है। तीन घंटे चली बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की यह घोषणा बहुत मायने रखती है कि बैठक में भाग लेने वाले सभी नेता ईवीएम के स्थान पर कागजी मतपत्रों के उपयोग पर शत-प्रतिशत सहमत हैं। चुनाव आयुक्तों से जुड़े जो कानूनी संशोधन हुए हैं, उनके प्रति भी विपक्ष का रुख पूरी तरह असहमति का है। विपक्ष एकजुट होकर इन संशोधनों को रद्द कराना चाहता है।

इंडिया ब्लॉक की बैठक में कुछ ऐसे सवाल फिर उठे हैं, जो विगत दो वर्ष से लगातार उठ रहे हैं। क्या चुनाव आयोग का इस्तेमाल सत्ताधारी गठबंधन कठपुतली की तरह कर रहा है? क्या धोखे से चुनाव जीते जा रहे हैं? यहां विपक्ष को पूरी तैयारी के साथ सामने आना पड़ेगा। क्या वोटों के कटने या जुड़ने से हार-जीत तय हुई है? अगर ऐसे हार-जीत तय हुई है, तो कितनी सीटों पर ऐसा हुआ है? क्या अभी तक आए किसी शोध या अध्ययन ने वोटचोरी को साबित कर दिया है? इंडिया ब्लॉक के नए आरोपों के बाद यह एक बेहतर और जरूरी शोध का विषय है। अगर ईवीएम मशीनें वाकई चूकने लगी हैं, तो उनसे पल्ला झाड़ने में संकोच नहीं करना चाहिए, लेकिन उससे पहले वोटचोरी को अकाट्य रूप से साबित करने की जरूरत है। वैसे, यह गौर करने की बात है कि राजनीति कई बार सिर्फ ‘नैरेटिव’ बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ती है। यह कहना ही चाहिए कि आज जो राजनीतिक सरगर्मी दिख रही है, वह वास्तव में, ‘नैरेटिव’ बनाने की बेचैनी से उपजी है। इसी कड़ी में इंडिया ब्लॉक के नेता 2 से 8 अक्तूबर तक पूरे देश में लोकतंत्र बचाओ मार्च का आयोजन करेंगे। इस आयोजन की कामयाबी के आधार पर आगे की राजनीति तय होगी। यहां यह बात मायने रखेगी कि लोग विपक्ष के साथ हैं या सत्ता पक्ष के साथ।

सत्ता पक्ष के लिए चुनौतियों से भरा दौर शुरू हो चुका है। किसी भी सरकार के लिए यह जरूरी है कि वह अपनी मकबूलियत को बार-बार साबित करती रहे। साल 2024 के चुनाव के बाद कम से कम लोकसभा के स्तर पर विपक्ष काफी मजबूत हुआ है और साल 2014 के बाद पहली बार सत्ता पक्ष के लिए राजनीति इतनी मुश्किल नजर आ रही है। यह सत्ताधारी गठबंधन पर बहुत घातक आरोप है कि अभी देश में चोरी के जनादेश वाली सरकार चल रही है। खासकर भाजपा की जिम्मेदारी होनी चाहिए कि वह जनता की नजरों में इस आरोप को बेबुनियाद साबित करे। अगर सही से जवाब नहीं दिया जाएगा, तो इंडिया ब्लॉक लंबी विरोध-प्रदर्शन योजना के साथ तैयार बैठा है। विपक्षी गठबंधन की यह महत्वपूर्ण बैठक खुला इशारा है कि अनेक स्तरों से सरकार को घेरने की तैयारी हो चुकी है और अब सत्ता पक्ष को भी अपने तथ्य और तर्क के साथ जनता के बीच पहुंचना होगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan

हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। करीब एक सदी से यह अखबार हिंदी भाषी पाठकों की पसंद बना हुआ है। देश-दुनिया की Hindi News को पढ़ने के लिए यह अखबार लगातार पाठकों की पसंद बना हुआ है। इसके अतिरिक्त समकालीन मुद्दों पर त्वरित टिप्पणी, विद्वानों के विचार और साहित्यिक सामग्री को भी लोग पसंद करते रहे हैं। यहां आप ग्लोबल से लोकल तक के सभी समाचार एक ही स्थान पर पा सकते हैं। हिन्दुस्तान अखबार आपको उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, झारखंड, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों की खबरें प्रदान करता है। दक्षिण भारत के राज्यों की खबरें भी आप यहां पाते हैं।

इसके अतिरिक्त मनोरंजन, बिजनेस, राशिफल, करियर, ऑटो, गैजेट्स और प्रशासन से जुड़ी खबरें भी यहां आप पढ़ सकते हैं। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsओपिनियन ब्लॉगसियासी सरगर्मी