बढ़ती बेरोजगारी से बढ़ रही चिंता

लाइव हिन्दुस्तान
share

मीडिया खबरों के मुताबिक, भारत में रोजगार की स्थिति बहुत अच्छी नहीं दिख रही। केंद्र सरकार के सांख्यिकी मंत्रालय के आवधिक श्रम-बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) के हवाले से छपी खबर में बताया गया है कि बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, पश्चिम बंगाल…

बढ़ती बेरोजगारी से बढ़ रही चिंता
हिन्दुस्तान

मीडिया खबरों के मुताबिक, भारत में रोजगार की स्थिति बहुत अच्छी नहीं दिख रही। केंद्र सरकार के सांख्यिकी मंत्रालय के आवधिक श्रम-बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) के हवाले से छपी खबर में बताया गया है कि बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों के लगभग दो-तिहाई जिलों के युवा आबादी का एक-चौथाई हिस्सा न तो रोजगार में, न शिक्षा में और न ही किसी ट्रेनिंग की श्रेणी में कुछ कर रहा है। इसी तरह, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, असम और तेलंगाना सहित कई राज्यों के आधे जिलों में 25 फीसदी युवा आबादी भी हाथ-पर-हाथ धरे बैठी है। एनईईटी (शिक्षा, रोजगार या प्रशिक्षण से पृथक) श्रेणी में युवाओं की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ रही है। एनईईटी श्रेणी में उन नौजवानों को शामिल किया जाता है, जो किसी भी शैक्षणिक संस्थान में नामांकित नहीं हैं और श्रम बल से पूरी तरह बाहर हैं। ऐसा या तो बिना वेतन वाले घरेलू कामों या महिलाओं के मामले में देखभाल के कामों की वजह से होता है या फिर इसलिए, क्योंकि उन्हें कोई उपयुक्त काम नहीं मिल रहा होता और उन्होंने काम की तलाश छोड़ दी होती है। कुछ मामलों में, इस श्रेणी में उन नौजवानों को भी शामिल किया जाता है, जो परीक्षाओं की तैयारी कर रहे होते या खाली समय बिता रहे होते हैं।

इससे पहले, नीति आयोग की ‘री-इमैजिनिंग स्किलिंग फॉर विकसित भारत@2047’ रिपोर्ट में कहा गया था कि भारत में 15 से 29 साल की उम्र वाले लगभग 8.7 करोड़ युवा ‘न तो पढ़ाई कर रहे हैं, न काम कर रहे हैं और न ही कोई ट्रेनिंग ले रहे हैं।’ इतना ही नहीं, मार्च 2026 में अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी द्वारा प्रकाशित ‘स्टेट ऑफ वर्किंग इंडिया 2026’ रिपोर्ट में भी यह निष्कर्ष निकाला गया था कि 15 से 25 साल की उम्र वाले लगभग 40 प्रतिशत स्नातक बेरोजगार हैं। इस रिपोर्ट में बताया गया था कि ग्रेजुएट युवाओं में से सिर्फ सात प्रतिशत ही एक साल के अंदर पक्की सैलरी वाली नौकरी पा सके। इन सब सर्वेक्षणों का क्या यह नतीजा नहीं निकलता कि देश में बेरोजगारी की स्थिति दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है? नीतिगत मोर्चे पर कहीं-न-कहीं हमसे चूक जरूर हो रही है, जिसके कारण हमारे नौजवानों को उनकी योग्यता लायक काम नहीं मिल रहा।

साफ है, हालात खराब हैं। आगे चलकर इससे देश में अस्थिरता का नया दौर शुरू हो सकता है। इसलिए, इस समस्या के निदान के लिए गंभीर प्रयास किए जाने की जरूरत है। अगर हम आज भी संजीदा नहीं हुए, तो आने वाली पीढ़ियां हमें कतई माफ नहीं करेंगी।

जंग बहादुर सिंह, टिप्पणीकार

रोजगार मुहैया कराने के हो रहे प्रयास

आज केंद्र और राज्य सरकारें युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के लिए पहले से अधिक सक्रिय हैं। प्रत्यक्ष रोजगार, कौशल विकास और स्व-रोजगार जैसी त्री-स्तरीय रणनीति अपनाई गई है, जिसका काफी सकारात्मक असर पड़ा है। मिसाल के लिए, केंद्र सरकार ने 2025 से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत नई नियुक्ति करने वाले नियोक्ताओं और पहली बार नौकरी पाने वाले कर्मियों को प्रोत्साहन देना शुरू किया है। इसके माध्यम से वह दो वर्षों में 3.5 करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करना चाहती है। इसी तरह, कौशल विकास के लिए स्किल इंडिया, पीएम कौशल विकास योजना जैसे प्रयास किए जा रहे हैं। सरकारी आईटीआई को उद्योगों की मांग के अनुरूप बेहतर बनाया जा रहा है, जिसके लिए करोड़ों रुपये के प्रावधान किए गए हैं। रही बात स्वरोजगार की, तो प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम रोजगार सृजन कार्यक्रम, पीएम विश्वकर्मा और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से उद्यमियों को सहायता दी जा रही है। इससे कई नए रोजगार सृजित हुए हैं। कहने का अर्थ है कि सरकारें हाथ-पर-हाथ धरे नहीं बैठी हुई हैं। वे तमाम तरह की योजनाएं चलाकर नए अवसरों का सृजन कर रही हैं। हां, बीच-बीच में कुछ चुनौतियों का भी उनको सामना करना पड़ता है, पर हर हाथ को काम देने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं।

सुजीत कुमार, टिप्पणीकार

पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20वें रोजगार मेले में लगभग 51,000 नौजवानों को सरकारी विभागों और अन्य संगठनों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए। यह सच है कि देश में बेरोजगारों की लाइन लंबी होती जा रही है, लेकिन सरकार भी उसी के अनुरूप प्रयास कर रही है। फिर, बेरोजगारी की समस्या हमारे देश में ही नहीं, दुनिया के दूसरे देशों में भी खूब है। इसका एक बड़ा कारण बढ़ती जनसंख्या और दूसरा, मशीनीकरण है। जनसंख्या जिस हिसाब से बढ़ रही है, उस हिसाब से रोजगार के अवसर नहीं बढ़ रहे। फिर, फैक्टरियों में मशीनों के अत्यधिक इस्तेमाल से इंसानी श्रम-बल की जरूरत घट रही है। ऐसे में, लाजिमी है कि बेरोजगारी बढ़े। हमें यह भी समझना होगा कि रोजगार की समस्या का समाधान मात्र सरकारें नहीं कर सकतीं। सभी बेरोजगार नौजवानों को सरकारी नौकरी देना किसी भी सरकार के बूते की बात नहीं है, पर वह स्वरोजगार के अवसर जरूर बढ़ा सकती है। इसके लिए सरकारें कई योजनाएं चला रही हैं, जिनमें कुछ कमियां भी हैं, लेकिन उनका जमीन पर असर दिख रहा है। इसलिए, जरूरत इन कमियों को जल्द दूर करने की है।

राजेश कुमार चौहान, टिप्पणीकार

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan

हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। करीब एक सदी से यह अखबार हिंदी भाषी पाठकों की पसंद बना हुआ है। देश-दुनिया की Hindi News को पढ़ने के लिए यह अखबार लगातार पाठकों की पसंद बना हुआ है। इसके अतिरिक्त समकालीन मुद्दों पर त्वरित टिप्पणी, विद्वानों के विचार और साहित्यिक सामग्री को भी लोग पसंद करते रहे हैं। यहां आप ग्लोबल से लोकल तक के सभी समाचार एक ही स्थान पर पा सकते हैं। हिन्दुस्तान अखबार आपको उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, झारखंड, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों की खबरें प्रदान करता है। दक्षिण भारत के राज्यों की खबरें भी आप यहां पाते हैं।

इसके अतिरिक्त मनोरंजन, बिजनेस, राशिफल, करियर, ऑटो, गैजेट्स और प्रशासन से जुड़ी खबरें भी यहां आप पढ़ सकते हैं। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsओपिनियन साइबर संसारबढ़ती बेरोजगारी से बढ़ रही चिंता