Hindi NewsBihar NewsYouth murdered in Nawada body burned to erase identity village in turmoil
नवादा में युवक की हत्या, पहचान मिटाने के लिए शव को जला दिया; गांव में हड़कंप

नवादा में युवक की हत्या, पहचान मिटाने के लिए शव को जला दिया; गांव में हड़कंप

संक्षेप:

नवादा के रोह थाना क्षेत्र के गोड़ीहारी गांव निवासी मेडिकल प्रैक्टिशनर अशोक मिस्त्री (45) की अज्ञात अपराधियों ने हत्या कर शव जला दिया। शुक्रवार को गेहूं के खेत से लाश मिली। बाइक, मोबाइल और बैग गायब हैं। पुलिस जांच में जुटी है।

Jan 23, 2026 05:45 pm ISTsandeep लाइव हिन्दुस्तान, नवादा
share Share
Follow Us on

नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र अंतर्गत गोड़ीहारी गांव में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। राजेंद्र मिस्त्री के 45 वर्षीय पुत्र अशोक मिस्त्री की अज्ञात अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर शव जला दिया। शुक्रवार की दोपहर बधार स्थित एक गेहूं के खेत से उसका जला हुआ शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

मृतक अशोक मिस्त्री पिछले करीब 10 वर्षों से कोशी गांव में मेडिकल प्रैक्टिशनर के रूप में कार्यरत थे। वे गुरुवार की रात लगभग नौ बजे रोज की तरह कोशी स्थित अपने क्लीनिक को बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया। आशंका जताई जा रही है कि पहले उनकी हत्या की गई, फिर पहचान छुपाने के उद्देश्य से शव को जला दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही रोह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतक की बाइक, मोबाइल फोन और बैग घटनास्थल से गायब पाए गए हैं, जिससे लूट के बाद हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें:दूसरी शादी कर लौटी पुलिस फाइल में मृत बीवी, 11 साल से पति भागा-भागा फिर रहा

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि अशोक मिस्त्री व्यवहार में सरल और मिलनसार व्यक्ति थे तथा गांव और आसपास के क्षेत्र में लोगों का इलाज करते थे। उनकी किसी से दुश्मनी की जानकारी परिजनों को नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। लेकिन जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।