बिहार के युवक का पाकिस्तानी कनेक्शन, सांबा बॉर्डर पर धराया; स्पेशल ब्रांच टीम घर पहुंची
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध गतिविधि के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने अररिया के ताराचंद सदा को हिरासत में लिया। स्पेशल ब्रांच ने उसके गांव में जाकर छानबीन की।

बिहार के अररिया जिले के एक मजदूर को जम्मू-कश्मीर के सांबा सेक्टर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध गतिविधि के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने हिरासत में लिया। पकड़ा गया युवक ताराचंद सदा पिता डोरिक सदा कुर्साकांटा थाना क्षेत्र की सौरगांव पंचायत अंतर्गत नवटोली वार्ड संख्या 7 का निवासी है। सुरक्षा एजेंसियों की प्राथमिक जांच में उसके मोबाइल फोन से एक दर्जन से अधिक पाकिस्तानी नंबर और वीपीएन के इस्तेमाल के साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। गहन पूछताछ के बाद सुरक्षाबलों ने उसका फोन जब्त कर उसे छोड़ दिया।
सांबा बॉर्डर के पास संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया
मिली जानकारी के अनुसार, ताराचंद सदा वर्तमान में जम्मू के अरनिया इलाके में किराए का कमरा लेकर रह रहा है। वह सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के बिल्कुल नजदीक पहुंच गया था, जहां तैनात सुरक्षाबलों को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर जब उसके मोबाइल की तकनीकी जांच की गई, तो उसमें कई संदिग्ध पाकिस्तानी नंबर सेव किए हुए मिले। साथ ही, फोन में वीपीएन नेटवर्क सक्रिय होने की पुष्टि हुई,इसके बाद केंद्रीय खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गईं। तक्काल उसे हिरासत में ले लिया गया।
गांव पहुंचकर आईबी व स्पेशल ब्रांच ने परिजनों से की पूछताछ
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार को बिहार पुलिस की स्पेशल ब्रांच के डीएसपी पीके प्रवीण और इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारी सुदर्शन सीधे ताराचंद के पैतृक गांव नवटोली पहुंचे। अधिकारियों ने ताराचंद की मां और अन्य परिजनों से उसकी पृष्ठभूमि, यात्रा इतिहास और संपर्कों को लेकर लंबी पूछताछ की। ताराचंद की मां ने पूछताछ में बताया कि उनका बेटा हर साल मजदूरी के सीजन में बाहर जाता है, लेकिन इस बार वह पहली बार अपनी पत्नी कांति देवी और दोनों बच्चों को साथ लेकर जम्मू में धान की कटाई करने गया है।
एजेंसी ने पूछताछ के बाद ताराचंद को किया रिहा
मां के अनुसार, मंगलवार को बहू कांति देवी ने फोन कर सूचना दी थी कि सुरक्षाकर्मी उसके पति को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गए हैं। इसके बाद बुधवार को दोबारा फोन आया कि सुरक्षा एजेंसियों ने गहन पूछताछ के बाद ताराचंद को रिहा कर दिया है, हालांकि उसका मोबाइल फोन फॉरेंसिक व तकनीकी जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। फिलहाल खुफिया एजेंसियां इस बात की तफ्तीश में जुटी हैं कि एक साधारण प्रवासी मजदूर के फोन में सीमा पार के नंबर और वीपीएन नेटवर्क कैसे और किस मकसद से इस्तेमाल हो रहे थे। सुरक्षा एजेंसियों की नजर ताराचंद की हर गतिविधि पर लगी हुई है।

