
नवादा में सरेआम युवक की घेरकर हत्या; रॉड और चाकू से हमला, शादी में शामिल होने घर आया था
नवादा में दिनदहाड़े बीच बाजार हत्या से हड़कं मच गया। प्रशांत कुमार नाम के शख्स को बदमाशों ने घेरकर मारा। चाकू और रॉड से हमला कर उसकी जान ले ली। शादी में शामिल होने के लिए प्रशांत पटना से नवादा अपने घर आया था।
नवादा में शादी में शामिल होने आए एक युवक को पहले सरेआम बाजार में पीटा गया। लोहे की रॉड और चाकू से हमला किया गया। और फिर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान प्रशांत कुमार के तौर पर हुई है। घटना के बाद बाजार में दहशत फैल गई। घटना शहर के गोनावां स्थित मजार के पास घटी। शहर के कुख्यात बिल्लू चौधरी गैंग पर हत्या का आरोप लग रहा है। युवक पटना में रहकर पढ़ाई कर रहा था। शादी और बर्थडे में शामिल होने के लिए घर आया था। मृतक के पिता बबलू सिंह दिल्ली में निजी कंपनी में काम करते हैं।
वहीं हत्या की घटना के बाद विरोध में रविवार को परिजनों और ग्रामीणों ने प्रजातंत्र चौक जाम कर दिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने घेरकर युवक की हत्या की। परिजनों के मुताबिक शनिवार की शाम वो घर से निकला था। उसने यह नहीं बताया था कि, वो कहां जा रहा है? बीच बाजार हत्या की खबर मिलने के बाद एसपी, डीएसपी, थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। अपराधियों की पहचान के लिए लगातार सीसीटीवी फुटेज को पुलिस खंगाल रही है। अपराधियों की धर पकड़ के लिए पुलिस वालों ने कई जगहों पर छापेमारी भी की है, लेकिन अबतक पुलिस अपराधियों तक नहीं पहुंच पाई है।
युवक की हत्या के बाद से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हत्या की वजह का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। लव अफेयर और पुरानी रंजिश के एंगल पर भी पुलिस जांच कर रही है।





