बिहार के अस्पतालों में वर्ल्ड क्लास सुविधा की तैयारी, बिल गेट्स की संस्था और सरकार के बीच MoU
बिहार स्वास्थ्य विभाग और गेट्स फाउंडेशन के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया है। राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को विश्व स्तर का बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
बिहार के सरकारी अस्पतालों में इलाज की विश्व स्तरीय सुविधा देने के लिए सरकार ने बिल गेट्स की संस्था के साथ समझौता किया है। स्वास्थ्य ढांचे को आधुनिक और प्रभावी बनाने के उद्येश्य से यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग और गेट्स फाउंडेशन के बीच एक अहम समझौता पत्र पर मुख्य सचिवालय में हस्ताक्षर किए गए। इसके माध्यम से राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीकी सहयोग, डेटा आधारित नीति निर्माण और बेहतर कार्यप्रणाली के माध्यम से मजबूत किया जाएगा। स्वास्थ्य सुविधाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण हेल्थ सर्विसेस सुलभ कराने के लक्ष्य पर बिहार सरकार काम कर रही है।
इस मौके पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने बताया कि बिहार सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में दीर्घकालिक सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। MoU के तहत मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, डिजिटल हेल्थ सिस्टम और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। आधुनिक तकनीक और वैश्विक अनुभव का लाभ लेकर बिहार में एक जनहित केंद्रित स्वास्थ्य मॉडल विकसित किया जाएगा। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच स्वास्थ्य सुविधाओं की खाई कम करने में मदद मिलेगी। यह पहल राज्य के स्वास्थ्य रैंकिंग को बेहतर बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम मानी जा रही है।
नीति संवाद से प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यक्रम के दौरान विस्तृत संवाद किया गया। नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन और स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने जमीनी चुनौतियों और संभावित समाधानों पर अपने विचार साझा किए। उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध और परिणामोन्मुख तरीके से लागू करना है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार राज्य की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए संकल्पित है।
मंत्रियों ने बताया कि यह समझौता बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई ऊर्जा का संचार करेगा, जिससे बेहतर प्रबंधन, पारदर्शिता और सेवा गुणवत्ता सुनिश्चित होगी। सरकार और वैश्विक साझेदारों के संयुक्त प्रयास से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था अधिक सशक्त, आधुनिक और नागरिकों के लिए भरोसेमंद बनने की दिशा में अग्रसर है। गेस्ट फाउंडेशन के सहयोग से राज्य के स्वास्थ्य इन्फ्रास्ट्रक्चर को और अधिक समृद्ध किया जाएगा और ग्रामीण स्तर पर लोगों को ऐसी सुविधा दी जाएगी ताकि उन्हें शहरों में इलाज के लिए जाने की जरूरत नहीं हो।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

